मंत्री कौशिक राय की मौजूदगी में निकली पदयात्रा, बड़ी संख्या में कार्यकर्ता-समर्थक हुए शामिल
शिलचर, 1 अक्टूबर: शिलचर नगर निगम चुनाव के प्रचार अभियान के अंतिम दिन गुरुवार को भाजपा ने शहर में जोरदार चुनाव प्रचार किया। इस अवसर पर 31 नंबर वार्ड के भाजपा नेता कुलदीप चौधरी के नेतृत्व में तथा मंत्री कौशिक राय की उपस्थिति में चेंकुड़ी रोड क्षेत्र से एक विशाल पदयात्रा निकाली गई।
पदयात्रा में भाजपा के विभिन्न वार्डों के प्रत्याशियों के साथ बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं समर्थक शामिल हुए। पदयात्रा शहर के विभिन्न प्रमुख इलाकों से होकर गुजरी। इस दौरान पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में लोगों से मतदान की अपील की गई।
प्रचार अभियान के अंतिम दिन मंत्री कौशिक राय भी पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ पैदल पदयात्रा में शामिल हुए। उन्होंने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए चुनाव प्रचार के अंतिम चरण में पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में सक्रिय रूप से जुटने का आह्वान किया।
पदयात्रा के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में काफी उत्साह और जोश देखने को मिला। चुनाव प्रचार समाप्त होने से पहले आयोजित इस पदयात्रा को पार्टी के अंतिम चरण के जनसंपर्क अभियान के रूप में देखा जा रहा है।