विश्वविद्यालय के प्रशासनिक एवं शैक्षणिक कार्यों को और गति मिलने की उम्मीद
शिलचर, 1 अक्टूबर: गुरुचरण विश्वविद्यालय, शिलचर में गुरुवार को तीन नवनियुक्त अधिकारियों ने अपने-अपने पदों का कार्यभार ग्रहण किया। डॉ. अभिजीत नाथ ने विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार के रूप में, डॉ. निलेंदु धर ने प्रभारी अकादमिक रजिस्ट्रार के रूप में तथा अभिजीत सूत्रधार ने डिप्टी कंट्रोलर ऑफ एग्जामिनेशंस के रूप में कार्यभार संभाला।
नवनियुक्त अधिकारियों के कार्यभार ग्रहण करने के अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में स्वागत का माहौल रहा। इस दौरान विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. निरंजन राय, विद्युत कांति पाल, परीक्षा नियंत्रक डॉ. एल. जयचंद्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के शिक्षक-शिक्षिकाएं, प्रशासनिक अधिकारी एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारी उपस्थित रहे।
विश्वविद्यालय के शिक्षक, प्रशासनिक अधिकारी एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों ने तीनों नवनियुक्त अधिकारियों का स्वागत करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं। उनके पदभार ग्रहण करने से विश्वविद्यालय के प्रशासनिक एवं शैक्षणिक तंत्र में नई ऊर्जा का संचार होने की उम्मीद व्यक्त की गई।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. निरंजन राय ने तीनों अधिकारियों का स्वागत करते हुए कहा कि उनके अनुभव, दक्षता और नेतृत्व क्षमता विश्वविद्यालय के प्रशासनिक एवं शैक्षणिक कार्यों को अधिक प्रभावी और गतिशील बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि नवनियुक्त अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन करते हुए विश्वविद्यालय के विकास एवं संस्थागत कार्यप्रणाली को और मजबूत करने में योगदान देंगे।