नागार्जुन कॉलेज में हिंदी दिवस समारोह का भव्य आयोजन

मुख्य अतिथि डॉ. मधुछन्दा चक्रवर्ती ने हिंदी की समृद्धि और प्रसार पर रखे विचार

चिक्कबल्लापुर, 30 सितंबर: नागार्जुन कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज, चिक्कबल्लापुर के हिंदी विभाग के तत्वावधान में बुधवार को महाविद्यालय परिसर में हिंदी दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. आनंदम्मा एन. की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में प्रख्यात लेखिका एवं साहित्यकार डॉ. मधुछन्दा चक्रवर्ती मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 10 बजे हुआ। प्रथम वर्ष बीएससी की छात्रा सबा खातून एवं प्रेम सागर ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया। इसके बाद सबा खातून और फिजा ने मुख्य अतिथि डॉ. मधुछन्दा चक्रवर्ती का परिचय एवं प्रोफाइल रीडिंग की। अपने संबोधन में डॉ. चक्रवर्ती ने हिंदी भाषा के महत्व, उसकी साहित्यिक समृद्धि तथा वर्तमान समय में हिंदी के प्रचार-प्रसार की संभावनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।

विद्यार्थियों में हिंदी के प्रति रुचि एवं रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के संचालन एवं व्यवस्थापन में सबा, फिजा, साजिद और प्रेम सागर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

समारोह के दौरान प्राचार्या डॉ. आनंदम्मा एन. ने मुख्य अतिथि डॉ. मधुछन्दा चक्रवर्ती को ‘प्रतिभा पुरस्कार’ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं को भी प्राचार्या डॉ. आनंदम्मा एन., मुख्य अतिथि डॉ. मधुछन्दा चक्रवर्ती, विज्ञान संकाय की विभागाध्यक्षा श्रीमती अरुणा तथा हिंदी विभाग के प्राध्यापक श्री सत्यनारायणप्पा ने पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम के अंतिम चरण में फिजा और साजिद द्वारा गूगल फॉर्म का वितरण किया गया। प्रथम वर्ष बीबीए की छात्रा अनुश्री ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। हिंदी भाषा, साहित्य और विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को समर्पित यह आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Leave a Comment