डिखौ नदी में भूस्खलन से अवरोध की सूचना, शिवसागर में अलर्ट

शिवसागर: नागालैंड में भूस्खलन के बाद डिखौ नदी के ऊपरी हिस्से में नदी के प्रवाह में अवरोध उत्पन्न होने की सूचना मिलने के बाद शिवसागर जिला प्रशासन ने निचले इलाकों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

जिला प्रशासन के अनुसार, नागालैंड के मोकोकचुंग जिले के याओंगयिमसेन और लॉन्गलेंग जिले के योंगशेई के बीच डिखौ नदी के ऊपरी हिस्से में भूस्खलन की सूचना मिली है। लॉन्गलेंग के उपायुक्त की ओर से साझा किए गए एक आवाज संदेश में बताया गया कि भूस्खलन के कारण नदी का करीब ८० प्रतिशत हिस्सा अवरुद्ध हो गया है, जबकि लगभग २० प्रतिशत पानी अभी भी बह रहा है।

यह जानकारी योंगशेई गांव के अध्यक्ष की रिपोर्ट पर आधारित बताई गई है। हालांकि, जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्थिति की वास्तविकता की पुष्टि अगले दिन मौके पर जाकर किए जाने वाले निरीक्षण के बाद की जाएगी। इसके बाद स्थिति को लेकर आगे की जानकारी जारी की जाएगी।

प्रशासन ने बताया कि डिखौ नदी के निचले हिस्से में स्थित कुछ गांवों के निवासियों से संपर्क किया गया है। अब तक किसी भी गांव से नदी के जलप्रवाह में असामान्य बदलाव या जलस्तर में कमी की सूचना नहीं मिली है।

शिवसागर के बिहुबार में डिखौ नदी का जलस्तर फिलहाल स्थिर बताया गया है। जिला प्रशासन नदी के जलस्तर और स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है तथा नियमित रूप से अपडेट जारी करने की बात कही है।

प्रशासन ने नदी के किनारे निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से एहतियात के तौर पर सतर्क रहने, आवश्यक आपातकालीन सामान तैयार रखने और सरकारी माध्यमों से जारी सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है।

किसी भी असामान्य स्थिति या नदी के जलप्रवाह में अचानक बदलाव की जानकारी तत्काल जिला आपातकालीन संचालन केंद्र को देने को कहा गया है।

जिला आपातकालीन संचालन केंद्र के संपर्क नंबर:
मोबाइल: ८४७१८-६४३५५
टोल-फ्री: ०३७७२-१०७७

जिला प्रशासन ने कहा कि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं और स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है।

Leave a Comment