उधारबंद में निःशुल्क इनटेक कार्ड एवं सहायक उपकरणों के लिए पहचान शिविर
प्रेरणा भारती, निहार कांति राय, उधारबंद, 01 अक्टूबर : दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने तथा उन्हें सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से उधारबंद में एक विशेष सहायता शिविर का आयोजन किया गया। मंगलवार को उधारबंद ब्लॉक ऑडिटोरियम में आयोजित इस शिविर में निःशुल्क इनटेक कार्ड वितरित किए गए तथा विभिन्न डिजिटल एवं सहायक उपकरणों के लिए पात्र लाभार्थियों की पहचान की गई।
सुबह 10 बजे शुरू हुए इस शिविर में उधारबंद एवं आसपास के क्षेत्रों से करीब पांच सौ दिव्यांगजनों ने स्वास्थ्य एवं शारीरिक परीक्षण कराया। ALIMCO (Artificial Limbs Manufacturing Corporation of India) तथा National Career Service Centre for Differently Abled के सहयोग से शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर का औपचारिक उद्घाटन कैंप को-ऑर्डिनेटर जी.एम. चौधरी ने किया। उन्होंने इनटेक कार्ड के माध्यम से भविष्य में लाभार्थियों को मिलने वाली विभिन्न सरकारी सहायता एवं सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में उपस्थित सांसद परिमल शुक्लवैद्य ने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न पहलों के माध्यम से दिव्यांगजनों के लिए चिकित्सा सुविधा, सहायक उपकरण, प्रशिक्षण तथा आत्मनिर्भरता के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शिविर में इनटेक कार्ड प्राप्त करने वाले लाभार्थियों को भविष्य में विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी।
पूर्व विधायक मिहिर कांति सोम ने कहा कि दिव्यांगजन समाज पर बोझ नहीं, बल्कि समाज के समान और महत्वपूर्ण भागीदार हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से दिव्यांग एवं विशेष आवश्यकता वाले लोगों के कल्याण के लिए लगातार पहल की जा रही है। उन्होंने राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के माध्यम से 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को उपलब्ध कराई जाने वाली विभिन्न चिकित्सा सुविधाओं का भी उल्लेख किया।
कार्यक्रम में शालगंगा जिला परिषद सदस्य दीप्ति शुक्लवैद्य सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधियों ने भी अपने विचार रखे। इस अवसर पर ऑडियो लॉजिस्ट अइनाम सबाना देवी, पी एंड ओ नूरिन मुल्ला, डाटा एंट्री ऑफिसर आकाश साहानी, रिहैबिलिटेशन ऑफिसर दिव्य ज्योति विश्वास, नव ज्योति डेका सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
शिविर को सफल बनाने में समाजसेवी नबारुण चक्रवर्ती, निर्मल कुमार राय, दीपक भट्टाचार्य, मृणाल भट्टाचार्य, बेणु पुरकायस्थ, कनाई लाल चंद एवं तातुल दास ने विशेष सहयोग किया।
आयोजकों ने बताया कि दिव्यांगजनों तक सरकारी सहायता एवं सुविधाओं का लाभ पहुंचाने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना ही इस विशेष शिविर का मुख्य उद्देश्य है।