नॉर्थ लखीमपुर। खेलमाटी निवासी 27 वर्षीय मिन्हाज हुसैन ने असम न्यायिक सेवा परीक्षा-2025 में शानदार सफलता हासिल करते हुए ऑल असम मेरिट लिस्ट में 15वां स्थान प्राप्त किया है। उनकी सफलता से खेलमाटी और नॉर्थ लखीमपुर क्षेत्र में खुशी की लहर है।
मिन्हाज की उपलब्धि पर नेशनल बोर्ड ऑफ कंप्यूटर एजुकेशन (NBCE), खेलमाटी की ओर से उन्हें सम्मान-पत्र देकर सम्मानित किया गया। संस्था ने उनकी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मिन्हाज, हैदर हुसैन के पुत्र हैं। उनके पिता धेमाजी न्यायालय में पेशकार के रूप में सेवा कर चुके हैं। बेटे के न्यायिक सेवा में चयन पर उन्होंने इसे परिवार के लिए गर्व का क्षण बताया।
मिन्हाज की सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बनी है। उन्होंने न्यायिक सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के साथ अपनी अध्ययन-पद्धति, समय-प्रबंधन और तैयारी की रणनीति भी साझा की है।