शिलचर, 29 सितंबर: मेघालय से मिजोरम अवैध रूप से शराब तस्करी किए जाने के आरोप में शिलचर में आबकारी विभाग ने दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। अभियान के दौरान तीन लाख रुपये से अधिक मूल्य की शराब बरामद की गई। शराब तस्करी में इस्तेमाल एक मिनी ट्रक को भी शिलचर सदर आबकारी विभाग ने जब्त किया है।
गुप्त सूचना के आधार पर आबकारी विभाग ने धोलाई-बिलाईपुर मार्ग पर अभियान चलाकर एक चार पहिया मिनी ट्रक को रोका। एएस-11-एफसी-8830 नंबर के इस वाहन में आलू और अन्य खाद्य सामग्री की आड़ में शराब ले जाए जाने का आरोप है।
तलाशी के दौरान वाहन में रखे कार्टनों से 552 शराब की बोतलें बरामद हुईं। प्रत्येक बोतल की क्षमता 750 मिलीलीटर थी। बरामद शराब का अनुमानित बाजार मूल्य 3 लाख 31 हजार 200 रुपये बताया गया है।
शिलचर सदर आबकारी विभाग के असिस्टेंट इंस्पेक्टर सुदीप देव ने बताया कि मेघालय से मिजोरम बड़ी मात्रा में अवैध रूप से शराब तस्करी किए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर अभियान चलाया गया।
उन्होंने बताया कि इस मामले में निज जयनगर निवासी 30 वर्षीय आजिर उद्दीन मजूमदार तथा रामकृष्णनगर के चामेला बाजार निवासी 23 वर्षीय चालक जाकिर हुसैन को गिरफ्तार किया गया है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 53(1)(ए) और 54 के तहत मामला दर्ज किया गया है। रविवार को दोनों आरोपियों को शिलचर अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत के निर्देश पर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।