श्रद्धेय अशोक सिंघल जी की जन्मशती समारोह का शुभारंभ

सांस्कृतिक गौरव संस्थान के आयोजन में आत्मनिर्भर एवं सशक्त भारत की संकल्पना पर बच्चों ने प्रस्तुत किए मॉडल व प्रोजेक्ट

लखनऊ, 28 सितंबर। विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष रहे श्रद्धेय अशोक सिंघल जी की जन्मशती वर्ष के शुभारंभ के अवसर पर 27 सितंबर को सांस्कृतिक गौरव संस्थान द्वारा एसकेडी अकादमी, वृंदावन, लखनऊ में भव्य कार्यक्रम एवं संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय प्रचारक प्रमुख स्वान्त रंजन जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता केजीएमयू के रेस्पिरेटरी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. सूर्यकांत जी ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में उत्तर प्रदेश विद्यालय निरीक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष प्रमेन्द्र शुक्ल, खंड शिक्षा अधिकारी तथा एसकेडी अकादमी के प्रबंधक मनीष सिंह उपस्थित रहे।

समारोह में विद्यार्थियों ने श्रद्धेय अशोक सिंघल जी के विचारों और राष्ट्र निर्माण की उनकी दृष्टि से प्रेरित होकर आत्मनिर्भर एवं सशक्त भारत की संकल्पना पर आधारित विभिन्न आकर्षक मॉडल, प्रोजेक्ट एवं चित्र प्रदर्शित किए। विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रस्तुतियों में देश की आत्मनिर्भरता, भारतीय संस्कृति, शिक्षा, विज्ञान, सामाजिक विकास तथा राष्ट्र निर्माण की भावना को प्रमुखता दी गई।

कार्यक्रम में मोहनलालगंज एवं सरोजनी नगर क्षेत्र के खंड शिक्षा अधिकारियों सुशील जी एवं आर.पी. यादव सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक, अभिभावक एवं विद्यार्थी बड़ी संख्या में शामिल हुए। उच्च प्राथमिक विद्यालय तेलीबाग, उतरेठिया, बरौली, खलीलाबाद सहित विभिन्न सरकारी विद्यालयों के शिक्षकों श्रीमती रीता पांडेय, श्रीमती आरती सिंह, श्री विनोद चौरसिया तथा अन्य शिक्षकगण ने भी सहभागिता की।

आयोजन को सफल बनाने में सांस्कृतिक गौरव संस्थान के सचिव कृष्ण कुमार मिश्र तथा संस्थान के अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम में सचिवालय संघ के पूर्व अध्यक्ष हरि शरण मिश्र एवं संयुक्त सचिव शशिकांत शुक्ल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

वक्ताओं ने श्रद्धेय अशोक सिंघल जी के राष्ट्र, समाज और भारतीय संस्कृति के प्रति समर्पण को स्मरण करते हुए कहा कि उनकी विचारधारा युवा पीढ़ी को राष्ट्रभक्ति, सांस्कृतिक चेतना और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए प्रेरित करती है।

समारोह के अंतर्गत आयोजित विभिन्न शैक्षणिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को आगामी अशोक सिंघल जन्मशती समारोह संगोष्ठी में पुरस्कृत किया जाएगा। आयोजकों ने कहा कि जन्मशती वर्ष के दौरान विद्यार्थियों और समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ते हुए राष्ट्र एवं संस्कृति केंद्रित अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

Leave a Comment