‘वन्दे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने पर महामना शिक्षण संस्थान में सामूहिक गायन

‘एक समय, एक लय, एक स्वर—वन्दे मातरम्’ से गूंजा अर्जुनगंज का महामना शिक्षण संस्थान

लखनऊ। ‘नमामि भारतम्’ के उपलक्ष्य में ‘वन्दे मातरम् के 150 वर्ष—एक समय, एक लय, एक स्वर, वन्दे मातरम्’ अभियान के तहत शुक्रवार, 25 सितंबर को देशभर के साथ अर्जुनगंज स्थित महामना शिक्षण संस्थान में सामूहिक वन्दे मातरम् गायन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान पूरा परिसर देशभक्ति और राष्ट्रीय चेतना के भाव से गूंज उठा।

निर्धारित समय प्रातः 11 बजे संस्थान के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं उपस्थित अभिभावकों ने एक साथ राष्ट्रगीत ‘वन्दे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया। प्रतिभागियों ने एक स्वर और एक लय में वन्दे मातरम् का गायन कर राष्ट्रीय एकता, अखंडता और मातृभूमि के प्रति सम्मान का संदेश दिया।

इस अवसर पर संस्थान के अभिभावक नरेंद्र कुमार मिश्रा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए वन्दे मातरम् के इतिहास, उसके राष्ट्रीय महत्व तथा स्वतंत्रता आंदोलन में इसकी भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ‘वन्दे मातरम्’ केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारत की राष्ट्रीय चेतना, स्वतंत्रता संघर्ष और मातृभूमि के प्रति समर्पण की भावना का प्रतीक है।

उन्होंने विद्यार्थियों से देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने तथा राष्ट्रहित में अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में वेंकटेश्वर पांडेय, दिलीप कुमार, दुर्गेंद्र शुक्ला सहित संस्थान से जुड़े अन्य लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विद्यार्थियों ने भी कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लिया।

कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित लोगों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव को मजबूत करने तथा देश के प्रति अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने का संकल्प लिया। सामूहिक गायन के दौरान महामना शिक्षण संस्थान का वातावरण देशभक्ति के उत्साह और राष्ट्रीय गौरव की भावना से भर गया।

— प्रेरणा भारती डिजिटल न्यूज़ नेटवर्क, लखनऊ

Leave a Comment