स्वच्छता ही सेवा २०२६ के तीसरे दिन कृषि विज्ञान केंद्र, हाइलाकांदी ने दिया जनजागरूकता का संदेश
प्रीतम दास हाइलाकांदी, १९ सितंबर:
स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी आदतों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से स्वच्छता ही सेवा अभियान २०२६ के तीसरे दिन हाइलाकांदी रेलवे स्टेशन पर भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के कृषि विज्ञान केंद्र हाइलाकांदी की ओर से विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। शनिवार को आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान रेलवे स्टेशन परिसर की साफ सफाई करने के साथ साथ आम लोगों को स्वच्छता तथा उचित कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर दिया गया।हाइलाकांदी रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर के सहयोग एवं समर्थन से आयोजित इस अभियान में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के कृषि विज्ञान केंद्र हाइलाकांदी के कर्मचारियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। स्टेशन परिसर के विभिन्न हिस्सों की साफ सफाई करने के साथ साथ यह संदेश भी दिया गया कि सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
स्वच्छता अभियान में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के कृषि विज्ञान केंद्र, हाइलाकांदी के विषय विशेषज्ञ डॉ. सौरभ शर्मा श्री एंगम बलेश्वर सिंह श्री राजा राम बुनकर तथा थ. चंद्र कुमार सिंह ने भाग लिया। इनके नेतृत्व में कृषि विज्ञान केंद्र के कर्मचारियों ने स्टेशन परिसर में व्यापक स्वच्छता गतिविधियां संचालित कीं।उल्लेखनीय है कि १५ दिवसीय स्वच्छता ही सेवा अभियान २०२६ का औपचारिक शुभारंभ हाइलाकांदी में १७ सितंबर को हुआ था। पहले दिन स्वच्छता शपथ ग्रहण के साथ अभियान की शुरुआत की गई। इसके बाद दूसरे दिन १८ सितंबर को स्कूली विद्यार्थियों में स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के कृषि विज्ञान केंद्र हाइलाकांदी द्वारा तैयार कार्ययोजना के अनुसार आने वाले दिनों में भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें स्थानीय लोगों एवं नागरिक समाज के संगठनों को शामिल कर स्वच्छता अभियान चलाना खाद निर्माण के प्रति जागरूकता पैदा करना, स्वयं सहायता समूहों की भागीदारी सुनिश्चित करना विभिन्न संस्थागत भवनों में स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित करना पर्यटन स्थलों की साफ सफाई करना तथा पुनः उपयोग एवं पुनर्चक्रण के संबंध में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करना प्रमुख हैं।
इसके अलावा स्वच्छता कर्मियों के सम्मान के लिए ‘सफाई मित्र सम्मान’ कार्यक्रम आयोजित करने की भी योजना है। इसके माध्यम से स्वच्छता व्यवस्था से सीधे जुड़े कर्मचारियों के योगदान का सम्मान करने के साथ साथ समाज में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के प्रति जागरूकता पैदा करने का प्रयास किया जाएगा।भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के कृषि विज्ञान केंद्र हाइलाकांदी की ओर से बताया गया कि स्वच्छता ही सेवा अभियान को केवल एक निश्चित अवधि तक चलने वाले कार्यक्रम के रूप में न देखकर दैनिक जीवन में स्वच्छता की आदत विकसित करने वाले एक सामाजिक अभियान के रूप में आगे बढ़ाने का लक्ष्य है। आम लोगों की सक्रिय भागीदारी के माध्यम से स्वच्छ स्वस्थ एवं पर्यावरण अनुकूल समाज के निर्माण का संदेश ही इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है।