मार्घेरिटा, 19 सितंबर। असम जातियतावादी युवा परिषद की तिनसुकिया जिला समिति के सौजन्य से शनिवार को बरगोलाई आदर्श हिंदी हाई स्कूल के प्रांगण में दिवंगत लोकप्रिय गायक, संगीतकार और अभिनेता जुबीन गर्ग की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम में असम जातियतावादी युवा परिषद की तिनसुकिया जिला समिति के अध्यक्ष अवनि चलिहा, बरगोलाई आदर्श हिंदी हाई स्कूल के प्रधानाचार्य राम प्रसाद अंबेडकर तथा मार्घेरिटा शिशु भवन सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रधानाचार्य भुवनेश्वर प्रसाद सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अतिथियों ने जुबीन गर्ग की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर माल्यार्पण किया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, बुद्धिजीवी, शिक्षाविद तथा विद्यालय के छात्र-छात्राएं भी मौजूद रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए असम जातियतावादी युवा परिषद की तिनसुकिया जिला समिति के अध्यक्ष अवनि चलिहा ने कहा कि जुबीन गर्ग ने असमिया तथा भारतीय संगीत जगत में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनकी कला और संगीत के प्रति समर्पण ने उन्हें असम के लोगों के बीच विशेष पहचान दिलाई।
उन्होंने कहा कि जुबीन गर्ग की संगीत यात्रा और सांस्कृतिक योगदान को लंबे समय तक याद किया जाएगा। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने उनके चित्र एवं प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
उल्लेखनीय है कि मार्घेरिटा सह-जिला के विभिन्न विद्यालयों में भी जुबीन गर्ग को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।