हिंदी की गूंज से सजा असम विश्वविद्यालय, शिलचर परिसर

शिलचर। असम विश्वविद्यालय, शिलचर के राजभाषा प्रकोष्ठ की ओर से विश्वविद्यालय के प्रमेंद्र मोहन गोस्वामी सभागृह में राजभाषा हिंदी दिवस एवं हिंदी पखवाड़ा समारोह का आयोजन हर्षोल्लास एवं गरिमापूर्ण वातावरण में किया गया। हिंदी के प्रति विद्यार्थियों और विश्वविद्यालय परिवार में जागरूकता तथा रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न सांस्कृतिक एवं साहित्यिक गतिविधियों का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद स्वागत गीत एवं जातीय संगीत की प्रस्तुति दी गई। भारतीय भाषाओं और संस्कृति के प्रति सम्मान का संदेश देने वाली इन प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

समारोह की अध्यक्षता असम विश्वविद्यालय के प्रोफेसर आकाश वर्मा ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय विकास परिषद के निदेशक श्री जयंत भट्टाचार्य, वित्त अधिकारी डॉ. शुभदीप दार तथा हिंदी अधिकारी डॉ. सुरेन्द्र उपाध्याय मंच पर उपस्थित रहे।हिंदी अधिकारी डॉ. सुरेन्द्र उपाध्याय ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया तथा माननीय शिक्षा मंत्री का संदेश पढ़कर सुनाया। उन्होंने हिंदी के महत्व और राजभाषा के अधिकाधिक प्रयोग की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम का संचालन राजभाषा प्रकोष्ठ की हिंदी अनुवादक मिली रानी पॉल ने किया। समारोह के अंत में धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। आयोजन को सफल बनाने में संतोष ग्वाला पृथ्वीराज ग्वाला का विशेष सहयोग रहा।28 सितंबर तक होंगे विभिन्न कार्यक्रम

असम विश्वविद्यालय के राजभाषा प्रकोष्ठ की ओर से 14 सितंबर से 28 सितंबर 2026 तक हिंदी पखवाड़े का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।पखवाड़े के अंतर्गत 14 सितंबर को अंताक्षरी, 16 सितंबर को टिप्पण लेखन, 17 सितंबर को पत्र लेखन, 21 सितंबर को वाद-विवाद, 22 सितंबर को स्वरचित कविता पाठ, 24 सितंबर को राजभाषा हिंदी विषय पर प्रश्नोत्तरी तथा 25 सितंबर को मातृभाषा में साहित्यिक प्रस्तुति आयोजित की जाएगी।हिंदी पखवाड़े का मुख्य समारोह 28 सितंबर को आयोजित होगा। कार्यक्रम के माध्यम से विश्वविद्यालय परिसर में हिंदी के प्रचार-प्रसार, प्रयोग और हिंदी के प्रति विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों में रुचि बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Comment