शिलचर, 15 सितंबर: मणिपुर के टोल्लेन गांव में रविवार तड़के हुई गोलीबारी की घटना के बाद असम राइफल्स के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराई और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। घटना में एक महिला की मौत हो गई, जबकि एक 54 वर्षीय व्यक्ति और छह वर्षीय बच्चा घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 5:30 बजे अज्ञात बदमाशों ने टोल्लेन गांव में एक घर को निशाना बनाकर गोलीबारी की। इस घटना में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 54 वर्षीय व्यक्ति और छह वर्षीय बच्चा गोली लगने से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही असम राइफल्स के जवान तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को प्राथमिक उपचार दिया और गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर चिकित्सा के लिए शिलचर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया।
हालांकि, उपचार के दौरान 54 वर्षीय घायल व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। वहीं, छह वर्षीय बच्चे का उपचार जारी है और उसकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई गई है।
कठिन एवं चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद असम राइफल्स की त्वरित कार्रवाई और समय पर उपलब्ध कराई गई चिकित्सा सहायता से घायलों को तत्काल उपचार मिल सका। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सतर्कता बढ़ा दी गई है।