दक्षिण करीमगंज के चार बार विधायक रहे नेता को अंतिम विदाई देने उमड़ा जनसैलाब
करीमगंज, 13 सितंबर। बराक घाटी के वरिष्ठ राजनेता, पूर्व मंत्री एवं दक्षिण करीमगंज विधानसभा क्षेत्र से चार बार विधायक रहे सिद्दीक अहमद की अंतिम यात्रा पूरी हो गई। उनके निधन से पूरे बराक घाटी में शोक की लहर है।
चेरागी मैदान में रविवार को शाम करीब 4:40 बजे नमाज-ए-जनाजा अदा की गई। जनाजा में शामिल होने के लिए दक्षिण करीमगंज सहित बराक घाटी के विभिन्न हिस्सों और दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। उनके समर्थकों एवं प्रशंसकों का दावा है कि अपने प्रिय नेता को अंतिम विदाई देने के लिए लगभग एक लाख से अधिक लोग चेरागी मैदान में जुटे थे।
सिद्दीक अहमद ने अपने लंबे राजनीतिक जीवन में दक्षिण करीमगंज की जनता के बीच एक अलग पहचान बनाई थी। वे अपने स्पष्टवादी और बेबाक राजनीतिक तेवर के लिए जाने जाते थे। क्षेत्रीय राजनीति में उन्होंने लंबे समय तक सक्रिय भूमिका निभाई और जनता से उनका गहरा संपर्क रहा।
नमाज-ए-जनाजा में उमड़ी भारी भीड़ उनके प्रति लोगों के लगाव और उनके लंबे राजनीतिक जीवन के प्रभाव को दर्शाती है। अंतिम विदाई के दौरान माहौल बेहद गमगीन रहा और बड़ी संख्या में लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
सिद्दीक अहमद के निधन से बराक घाटी के राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में भी शोक की छाया है। उनके समर्थक और अनुयायी उन्हें एक बेबाक, मुखर और जनसमस्याओं को उठाने वाले नेता के रूप में याद कर रहे हैं।