टिकट बंटवारे को लेकर जिला कांग्रेस भवन में हंगामा

पार्थ दास को टिकट नहीं मिलने से समर्थकों में आक्रोश, अध्यक्ष के चैंबर में तोड़फोड़ का आरोप

शिलचर, 10 सितंबर: शिलचर नगर निगम चुनाव में प्रत्याशी चयन को लेकर जिला कांग्रेस भवन में गुरुवार को जमकर हंगामा हुआ। टिकट से वंचित किए जाने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस के एक वर्ग के बागी कार्यकर्ताओं ने जिला कांग्रेस अध्यक्ष सजल आचार्य के चैंबर में घुसकर तोड़फोड़ की। आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने अध्यक्ष की कुर्सी भी चैंबर से बाहर निकालकर फेंक दी। घटना के बाद पार्टी के भीतर तनाव और असंतोष का माहौल बन गया।

बागी कार्यकर्ताओं का आरोप है कि शिलचर नगर निगम के वार्ड नंबर 27 से चुनाव लड़ने के लिए पार्थ दास ने आवेदन किया था। उनके अनुसार, बुधवार दोपहर तक प्रत्याशी चयन के पैनल में पार्थ दास का नाम शामिल था। लेकिन रातोंरात उक्त वार्ड से महिला प्रत्याशी के रूप में सुस्मिता दास को पार्टी का टिकट दे दिया गया। इसी निर्णय के विरोध में गुरुवार को बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला कांग्रेस भवन पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई, जब आरोप के अनुसार कुछ कार्यकर्ता जिला कांग्रेस अध्यक्ष सजल आचार्य के चैंबर में घुस गए और वहां तोड़फोड़ की। चैंबर में मौजूद पूर्व विधायक मिसबाहुल इस्लाम लस्कर को भी प्रदर्शनकारियों ने घेर लिया और प्रत्याशी चयन को लेकर जवाबदेही की मांग की।

पार्थ दास ने आरोप लगाया कि जिला कांग्रेस अध्यक्ष सजल आचार्य, शिलचर शहर कांग्रेस अध्यक्ष अतनु भट्टाचार्य और पूर्व विधायक मिसबाहुल इस्लाम लस्कर के कारण उन्हें पार्टी का टिकट नहीं मिला। उन्होंने टिकट वितरण में आर्थिक लेन-देन का भी गंभीर आरोप लगाया।

इस दौरान आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सजल आचार्य, अतनु भट्टाचार्य और मिसबाहुल इस्लाम लस्कर के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के चलते कुछ समय के लिए जिला कांग्रेस भवन का माहौल पूरी तरह गरमा गया।

घटना ने चुनाव से पहले कांग्रेस के भीतर चल रही गुटबाजी और असंतोष को एक बार फिर सार्वजनिक कर दिया है। हालांकि टिकट वितरण में आर्थिक लेन-देन समेत लगाए गए अन्य आरोपों पर संबंधित कांग्रेस नेताओं का पक्ष इस रिपोर्ट के लिखे जाने तक सामने नहीं आया था।

Leave a Comment