लखीपुर में मादक पदार्थ विरोधी अभियान में बड़ी सफलता, 2.30 लाख याबा टैबलेट जब्त; एक गिरफ्तार

लखीपुर, 09 सितंबर: लखीपुर इलाके में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए गए अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने 2 लाख 30 हजार याबा टैबलेट बरामद करने के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। बरामद याबा की अनुमानित बाजार कीमत करीब 23 करोड़ रुपये बताई गई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, लखीपुर थाने के अंतर्गत बांसकांदी आउटपोस्ट क्षेत्र के शिवपुर में गुप्त सूचना के आधार पर अभियान चलाया गया। तलाशी के दौरान भारी मात्रा में याबा टैबलेट बरामद हुई।

मामले में पुलिस ने साहिल हुसैन चौधरी नामक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, वह बांसकांदी आउटपोस्ट के गोविंदपुर क्षेत्र का निवासी है।

पुलिस ने जब्त याबा को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस मादक पदार्थ की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इसके अलावा तस्करी के नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी भी पड़ताल की जा रही है।

Leave a Comment