पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय, श्रीभूमि में 28वीं युवा संसद का भव्य आयोजन

श्रीभूमि, 7 सितंबर 2026: पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय, श्रीभूमि में 28वीं युवा संसद का आयोजन उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं माँ सरस्वती की वंदना के साथ हुआ।

कार्यक्रम में श्रीभूमि के माननीय सांसद श्री कृपानाथ मल्लाह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के निर्णायक मंडल में अर्जुन चंद्र देबनाथ, प्राचार्य, रामकृष्णनगर कॉलेज; बिस्वजीत नाथ, प्राचार्य, आर.के. विद्यापीठ; तथा मृगांका दत्ता चौधरी, सांस्कृतिक कार्यकर्ता, रामकृष्णनगर शामिल रहे।

युवा संसद की कार्यवाही का शुभारंभ शपथ ग्रहण के साथ हुआ। इसके बाद सदन में प्रश्नकाल, शून्यकाल, विशेषाधिकार हनन जैसे संसदीय कार्यों का प्रभावी एवं जीवंत प्रस्तुतीकरण किया गया। प्रतिभागियों ने संसदीय लोकतंत्र की कार्यप्रणाली, अनुशासन एवं जनप्रतिनिधियों की भूमिका को अत्यंत प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। तत्पश्चात सदन में विधेयक पर चर्चा एवं विचार-विमर्श के बाद विधेयक पारित किया गया

कार्यक्रम के निर्णायकों ने प्रतिभागियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति-कौशल, संसदीय ज्ञान एवं विषय-वस्तु की समझ की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता तथा जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

विद्यालय के प्राचार्य श्री योगेश कुमार ने सभा को संबोधित करते हुए विद्यार्थियों को युवा संसद के महत्व तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में युवाओं की भूमिका के बारे में प्रेरणादायक संदेश दिया। कार्यक्रम का संचालन अमृता रॉय ने किया, जबकि विद्यालय के वरिष्ठतम शिक्षक अनवर हुसैन बरभुइया ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विभिन्न स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को उपस्थित अतिथियों द्वारा पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किए गए।

कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने सम्मानपूर्वक खड़े होकर राष्ट्रगान गाया। इस प्रकार 28वीं युवा संसद का आयोजन विद्यार्थियों में संसदीय लोकतंत्र, नेतृत्व, अनुशासन एवं राष्ट्रप्रेम की भावना को सुदृढ़ करने वाला एक सफल एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम बनकर संपन्न हुआ।

Leave a Comment