शिलचर रेडक्रॉस को लेकर उठाए गए गंभीर आरोपों का भी दें जवाब : बराक वैली सिटिजन्स फोरम
शिलचर, 7 सितंबर। पूर्व विधायक दीपायन चक्रवर्ती की शैक्षणिक योग्यता और स्नातक डिग्री को लेकर उठे सवालों के बीच बराक वैली सिटिजन्स फोरम ने उनसे अपनी शैक्षणिक योग्यता से संबंधित प्रमाणपत्र सार्वजनिक करने की मांग की है।
सोमवार को शिलचर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए फोरम के प्रतिनिधियों ने कहा कि यदि दीपायन चक्रवर्ती के पास मान्य स्नातक डिग्री है और उनकी शैक्षणिक योग्यता को लेकर कोई संदेह नहीं है, तो उन्हें आरटीआई अथवा किसी अन्य माध्यम का सहारा लेने के बजाय स्वयं अपनी डिग्री और संबंधित प्रमाणपत्र मीडिया तथा आम जनता के समक्ष प्रस्तुत करना चाहिए। इससे इस मुद्दे को लेकर उठ रहे तमाम सवालों का स्वतः समाधान हो जाएगा।
फोरम ने कहा कि यदि प्रमाणपत्र सही और वैध हैं, तो उन्हें सार्वजनिक करने में किसी प्रकार की हिचकिचाहट नहीं होनी चाहिए। फोरम के अनुसार, प्रमाण प्रस्तुत करने में लगातार टालमटोल किए जाने से उनकी शैक्षणिक योग्यता को लेकर उठ रहे संदेह और गहरे हो सकते हैं।
इसके साथ ही शिलचर रेडक्रॉस मेंबरर्स फोरम की ओर से दीपायन चक्रवर्ती के संबंध में लगाए गए विभिन्न गंभीर आरोपों का भी जवाब देने की मांग की गई। बराक वैली सिटिजन्स फोरम ने कहा कि सार्वजनिक जीवन से जुड़े व्यक्ति के रूप में इन आरोपों पर उनका स्पष्ट पक्ष जनता के सामने आना आवश्यक है।
फोरम ने मांग की कि दीपायन चक्रवर्ती शैक्षणिक योग्यता से जुड़े प्रमाणपत्र सार्वजनिक करने के साथ-साथ शिलचर रेडक्रॉस को लेकर लगाए गए आरोपों पर भी तथ्यात्मक एवं स्पष्ट जवाब दें।
पत्रकार सम्मेलन में फोरम के संयोजक शंकर दे, नवद्वीप दास सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।