वार्ड नंबर 13 में स्थानीय उम्मीदवार को टिकट देने की मांग तेज

भाजपा से स्थानीय और योग्य प्रत्याशी को मैदान में उतारने की मांग, बाहरी उम्मीदवार के विरोध के संकेत

शिलचर, 7 सितंबर। आगामी शिलचर नगर निगम चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी बीच वार्ड नंबर 13 में स्थानीय उम्मीदवार को भाजपा का टिकट देने की मांग को लेकर क्षेत्रवासियों का एक वर्ग मुखर हो उठा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वार्ड की समस्याओं और आवश्यकताओं से भली-भांति परिचित तथा लंबे समय से क्षेत्र में रहने वाले योग्य व्यक्ति को ही पार्टी का उम्मीदवार बनाया जाना चाहिए।

क्षेत्रवासियों के अनुसार, वार्ड नंबर 13 में स्थानीय लोगों की भावनाओं और जनमत को नजरअंदाज कर किसी बाहरी व्यक्ति को प्रत्याशी बनाया जाता है तो इसका असर चुनाव में पार्टी के वोट बैंक पर पड़ सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वार्ड की जनता स्थानीय और योग्य उम्मीदवार को प्राथमिकता देती है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि जो व्यक्ति लंबे समय से वार्ड में रह रहा हो, लोगों के सुख-दुख में साथ खड़ा रहा हो और क्षेत्र की जमीनी समस्याओं को समझता हो, वही जनता का बेहतर प्रतिनिधित्व कर सकता है। इसलिए पार्टी नेतृत्व से स्थानीय निवासी एवं योग्य व्यक्ति को ही टिकट देने का आग्रह किया गया है।

प्रत्याशी सूची जारी होने से पहले ही वार्डवासियों के एक वर्ग ने भाजपा के जिला अध्यक्ष रूपम साहा तथा मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा से स्थानीय उम्मीदवार को पार्टी का टिकट देने की मांग की है। उनका कहना है कि पार्टी नेतृत्व को स्थानीय जनता की राय और अपेक्षाओं को प्राथमिकता देनी चाहिए।

अब सबकी नजरें भाजपा की प्रत्याशी सूची पर टिकी हैं। देखना होगा कि पार्टी नेतृत्व वार्ड नंबर 13 के निवासियों की मांग को कितना महत्व देता है और आखिरकार किसे अपना उम्मीदवार घोषित करता है।

Leave a Comment