जिला शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित हुए शुभदीप लोध

शिक्षा, एनएसएस और समाजसेवा में उल्लेखनीय योगदान की मिली पहचान

बदरपुर, 6 सितंबर। शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों और युवाओं को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रहे नेताजी विद्या भवन हायर सेकेंडरी स्कूल के उप-प्रधानाचार्य शुभदीप लोध को जिला स्तरीय शिक्षक पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया गया है। शिक्षक दिवस के अवसर पर जिला शिक्षक दिवस समारोह समिति, श्रीभूमि की ओर से आयोजित समारोह में जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के 40 शिक्षकों एवं शिक्षाकर्मियों को सम्मानित किया गया।

शुभदीप लोध को यह सम्मान उनके शैक्षणिक योगदान, विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण, एनएसएस गतिविधियों तथा समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका के लिए प्रदान किया गया। शिक्षक के रूप में वे विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के साथ उनमें सामाजिक जिम्मेदारी, अनुशासन और जनसेवा की भावना विकसित करने के लिए लगातार प्रयासरत हैं।

नेताजी विद्या भवन के एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी के रूप में उन्होंने विद्यार्थियों को स्वैच्छिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य जागरूकता तथा विभिन्न सामाजिक कल्याणकारी कार्यक्रमों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके प्रयासों से बड़ी संख्या में विद्यार्थी सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी कर रहे हैं।

वहीं, युवाशक्ति (Yuvashakti) के संयोजक के रूप में भी शुभदीप लोध युवाओं को शिक्षा, जनजागरूकता, समाजसेवा और जनकल्याण से जुड़े कार्यों के लिए प्रेरित कर रहे हैं। युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने के उद्देश्य से उनके नेतृत्व में विभिन्न सामाजिक एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि जिला शिक्षक पुरस्कार शुभदीप लोध के कार्यों को मिली पहली पहचान नहीं है। इससे पहले भी उन्हें सर्किल अधिकारी एवं थाना प्रभारी की ओर से सम्मानयुवादर्पण एक्सीलेंस अवॉर्ड तथा बराक आइकॉनिक अवॉर्ड सहित कई पुरस्कार एवं सम्मान प्राप्त हो चुके हैं।

उनके जिला शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित होने की खबर मिलते ही बदरपुर रेलवे कॉलोनी एवं आसपास के क्षेत्रों में खुशी की लहर दौड़ गई। विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक, शैक्षणिक एवं स्वयंसेवी संगठनों की ओर से उन्हें फूलों का गुलदस्ता, उत्तरीय एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया जा रहा है।

नेताजी विद्या भवन परिवार एवं युवाशक्ति परिवार ने भी शुभदीप लोध को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शिक्षा के साथ समाजसेवा और युवा गतिविधियों में उनके निरंतर योगदान को मिला यह सम्मान न केवल उनके लिए, बल्कि पूरे बदरपुर क्षेत्र के लिए गौरव की बात है।

Leave a Comment