सिवसागर: असम के सिवसागर जिले में ओएनजीसी की पाइपलाइन में एक बार फिर रिसाव की घटना सामने आई है। पाइपलाइन से तेल और गैस के रिसाव के बाद आसपास के खेत प्रभावित होने की सूचना है। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, पाइपलाइन से रिसाव के कारण खेतों में तेल और गैस फैलने लगी। प्रभावित क्षेत्र में तेज गंध महसूस होने की भी बात सामने आई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना दी।
पाइपलाइन में रिसाव की जानकारी मिलने के बाद ओएनजीसी की तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। रिसाव को नियंत्रित करने तथा पाइपलाइन की मरम्मत के लिए आवश्यक कार्रवाई शुरू किए जाने की जानकारी है।
सिवसागर में इससे पहले भी ओएनजीसी के तेल एवं गैस प्रतिष्ठानों से जुड़े रिसाव की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिसके कारण स्थानीय स्तर पर सुरक्षा और पर्यावरण को लेकर चिंता बनी हुई है।
फिलहाल ताजा घटना में रिसाव की सही वजह और इससे हुए नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पाइपलाइनों की नियमित जांच और आवश्यक रखरखाव की मांग की है।