शिक्षक दिवस पर शिलचर में शिक्षकों का सम्मान, विभिन्न संस्थानों में हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम

शिलचर, 5 सितंबर। देश के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान दार्शनिक डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर शनिवार को शिलचर तथा आसपास के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में राष्ट्रीय शिक्षक दिवस श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शिक्षकों के सम्मान के साथ विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

चेंकुड़ी भजनपुर स्थित पीएम श्री 664 नंबर कुकुबाड़ी एल.पी. स्कूल में आयोजित समारोह की शुरुआत विद्यार्थियों द्वारा शिक्षकों को उत्तरीय एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित करने से हुई। इसके बाद दीप प्रज्वलित कर डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। मुख्य अतिथि सीआरसीसी सोनाली दास, प्रधानाध्यापक रवींद्र कुमार दास तथा शिक्षक भास्कर दास ने अपने संबोधन में शिक्षक के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक संदीप आचार्य ने किया। विद्यार्थियों ने नृत्य और संगीत की प्रस्तुतियों से समारोह को जीवंत बना दिया। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों की उपस्थिति रही।

इसी क्रम में हृदय सामाजिक संस्था की ओर से शिक्षक दिवस पर विशेष पहल करते हुए शिलचर के सात विद्यालयों के सात शिक्षक-शिक्षिकाओं को उनके शिक्षण एवं सामाजिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया। संस्था के पदाधिकारियों ने विद्यालयों में पहुंचकर शिक्षकों को सम्मान-पत्र एवं अन्य सम्मान सामग्री प्रदान की। सम्मानित होने वालों में अभया चरण भट्टाचार्य स्कूल की सहायक शिक्षिका मधुचंदा देव, हाजी केरामत उल्ला स्कूल के सहायक शिक्षक जयप्रकाश चक्रवर्ती, नाजिरपट्टी प्राथमिक स्कूल की सहायक शिक्षिका शर्मिष्ठा कुर्मी, डैफोडिल्स हायर सेकेंडरी स्कूल की सहायक शिक्षिका वर्णाली धर, प्रणवानंद होलीचाइल्ड हायर सेकेंडरी स्कूल की प्रधानाचार्या कल्पना भट्टाचार्य पुरकायस्थ, हिरणप्रभा देव शिशुमंदिर स्कूल की शिक्षिका शुभ्रा चंद तथा विवेकानंद ज्ञानपीठ हायर सेकेंडरी स्कूल की सहायक शिक्षिका स्वागता भट्टाचार्य शामिल हैं। संस्था ने कहा कि शिक्षकों के अथक परिश्रम और विद्यार्थियों के जीवन में उनके योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त करना ही इस पहल का उद्देश्य है।

वहीं, बड़खला विधानसभा क्षेत्र के मोहनपुर बाजार के समीप ज्योति एकेडमी में भी शिक्षक दिवस श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया। प्राचार्या जयश्री सिन्हा और उप-प्राचार्य श्यामसुंदर सिन्हा के नेतृत्व में डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्पांजलि एवं दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। विद्यार्थियों ने नृत्य, गीत, कविता-पाठ और भाषण प्रस्तुत कर अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान व्यक्त किया तथा उन्हें उपहार भेंट कर आशीर्वाद लिया।

समारोह में पूर्व प्राचार्य मुकुल सिन्हा, पूर्व शिक्षिका शुभ्रा दास, प्राथमिक प्रधान शिक्षक विवेकानंद सिन्हा, विदबरुण सिन्हा, समाजसेवी श्याम किशोर सिन्हा तथा ज्योति एकेडमी की स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र सिन्हा और सचिव गौड़मोहन सिन्हा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

शिलचर और आसपास के इन आयोजनों में शिक्षकों के प्रति सम्मान, विद्यार्थियों की प्रतिभा और गुरु-शिष्य परंपरा की गरिमा प्रमुखता से देखने को मिली।

Leave a Comment