लखनऊ, 5 सितंबर। अर्जुनगंज स्थित श्री जानकी वल्लभ मंदिर, महामना शिक्षण संस्थान, पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर में विगत वर्षों की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। शुक्रवार सायं 7:30 बजे से आयोजित जन्मोत्सव कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान भैया-बहनों एवं माताओं ने भगवान श्रीकृष्ण की स्तुति में सुंदर गीत, भजन और सोहर प्रस्तुत किए। भक्तिमय प्रस्तुतियों से मंदिर परिसर देर रात तक कृष्णमय बना रहा।
जन्मोत्सव के धार्मिक अनुष्ठान पुजारी शिव शुक्ला एवं पुरोहित गुलाब तिवारी ने विधि-विधान एवं वैदिक परंपरा के अनुसार संपन्न कराए। इस अवसर पर बहन अपर्णा, रीना, पूनम आदि ने लड्डू गोपाल को आकर्षक ढंग से सजाया।
श्री जानकी वल्लभ मंदिर सेवा समिति, अर्जुनगंज के प्रमुख कार्यकर्ताओं सुरेंद्र मिश्रा, चिंतामणि सिंह, विनय प्रकाश तिवारी, शैलेश त्रिपाठी एवं रुद्र तिवारी सहित संस्थान के विद्यार्थियों ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के उपरांत देर रात तक श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। बड़ी संख्या में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण कर भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद लिया और इसके बाद अपने-अपने निवास स्थान के लिए प्रस्थान किया।