गुवाहाटी, 3 सितंबर। आद्यशक्ति मां कामाख्या की पावन नगरी और महाबाहु ब्रह्मपुत्र के तट पर बसे गुवाहाटी में मध्यदेशीय वैश्य महासभा की ओर से कुलदेवता एवं संत शिरोमणि महात्मा गणीनाथजी का जन्मोत्सव समारोह इस वर्ष 5 सितंबर को श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित किया जाएगा। इसी अवसर पर मध्यदेशीय वैश्य महासभा, गुवाहाटी महानगर शाखा का 23वां वार्षिक अधिवेशन भी आयोजित होगा।
महासभा के गुवाहाटी महानगर शाखा के अध्यक्ष शिव प्रसाद गुप्ता एवं महामंत्री राजू गुप्ता ने बताया कि समारोह का शुभारंभ झंडारोहण, पूजनोत्सव एवं प्रसाद वितरण से होगा। इसके बाद मंगलाचरण, परिचय सत्र, अभिनंदन समारोह तथा संत शिरोमणि बाबा गणीनाथ गोविंदजी एवं अन्य संतों के जीवन और आदर्शों पर चर्चा की जाएगी।
अधिवेशन के दौरान संगठन की गतिविधियों, उपलब्धियों एवं भावी योजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा होगी। महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कुमार गुप्ता संगठन के विकास एवं सामाजिक सरोकारों पर अपना अभिभाषण देंगे। वहीं गुवाहाटी शाखा के महामंत्री एवं कोषाध्यक्ष द्वारा वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाएगा। कार्यक्रम में शाखा अध्यक्ष का संबोधन, समाज के मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान तथा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
आयोजकों ने बताया कि समारोह का आयोजन गुवाहाटी के हरियाणा भवन में किया जाएगा। कार्यक्रम को सफल एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए स्वागत समिति सहित विभिन्न समितियों का गठन किया गया है। आयोजन समिति के सदस्य समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं।