*धर्म के नाम पर राजनीति बंद कर क्षेत्र के विकास पर ध्यान दें: ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नकीबुज्जमान बरभुइयाँ*
प्रीतम दास हाइलाकांदी २ सितंबर: कछार कॉलेज में हिजाब पहनने को लेकर हाल में उत्पन्न विवाद के बाद राजनीतिक हलकों में भी तनाव का माहौल बना हुआ है। इस घटना के मद्देनज़र कछार जिले का दौरा कर कॉलेज प्रशासन एवं जिला प्रशासन से बातचीत के माध्यम से घटना के वास्तविक कारणों की जानकारी लेने तथा मामले की उचित जांच की मांग करने वाले अलगापुर कटलीछड़ा के विधायक एवं असम प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष जुबेर अनाम मजूमदार को लेकर काटिगड़ा के विधायक कमलाक्ष्य दे पुरकायस्थ की हालिया टिप्पणी के विरोध में अल्गापुर ब्लॉक कांग्रेस मुखर हो गई है।बुधवार को अल्गापुर स्थित राजीव भवन में इस मुद्दे को लेकर अल्गापुर ब्लॉक कांग्रेस की ओर से एक संवाददाता सम्मेलन आयोजित किया गया।संवाददाता सम्मेलन में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नकीबुज्जमान बरभुइयाँ ने कहा कि काटिगड़ा के विधायक कमलाक्ष्य दे पुरकायस्थ को धर्म के नाम पर राजनीति करने के बजाय क्षेत्र के विकास पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता ने क्षेत्र के विकास की उम्मीद में उन्हें विधायक चुना है।नकीबुज्जमान बरभुइयाँ ने कहा कि देश का संचालन कानून और संविधान के आधार पर होता है। संविधान प्रत्येक नागरिक को अपनी पसंद और अधिकारों के आधार पर जीवन जीने की स्वतंत्रता प्रदान करता है। इसलिए यदि कोई व्यक्ति अपनी पसंद के अनुसार कपड़े पहनता है तो इसे लेकर अनावश्यक सवाल उठाना या विवाद पैदा करना उचित नहीं है।जुबेर अनाम मजूमदार के कछार दौरे के संबंध में उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य किसी भी प्रकार की असुविधा पैदा करना नहीं था। उन्होंने दावा किया कि हिजाब पहनने को लेकर किसी छात्रा या नागरिक के साथ ऐसी स्थिति क्यों उत्पन्न हुई इसका पता लगाने घटना के वास्तविक कारणों को सामने लाने तथा मामले की उचित जांच की मांग करने के लिए ही जुबेर अनाम मजूमदार कछार गए थे।इस बीच हाइलाकांदी जिला कांग्रेस के महासचिव अबुल हुसैन बरभुइयाँ (बाबू) ने काटिगड़ा के विधायक कमलाक्ष्य दे पुरकायस्थ के बयान की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि कमलाक्ष्य दे पुरकायस्थ को यह नहीं भूलना चाहिए कि कभी उन्होंने कांग्रेस नेता के रूप में ही राजनीतिक पहचान हासिल की थी। अबुल हुसैन बरभुइयाँ ने आरोप लगाया कि बाद में अपनी संपत्ति की रक्षा के स्वार्थ में उन्होंने दल बदल किया।उन्होंने आगे कहा कि जुबेर अनाम मजूमदार केवल एक विधायक ही नहीं, बल्कि असम प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष भी हैं। संगठनात्मक जिम्मेदारियों के निर्वहन के लिए वे असम के किसी भी जिले में जा सकते हैं। इसलिए उनके कछार दौरे पर सवाल उठाने का कोई कारण नहीं है।
संवाददाता सम्मेलन के माध्यम से कांग्रेस नेताओं ने धार्मिक मुद्दों को लेकर राजनीतिक तनाव पैदा करने के बजाय संविधान और नागरिकों के अधिकारों का सम्मान करने की अपील की। साथ ही उन्होंने धार्मिक मुद्दों पर राजनीति करने के बजाय आम जनता के हित में विकासात्मक कार्यों पर ध्यान केंद्रित करने का आह्वान किया।आज आयोजित इस संवाददाता सम्मेलन में अन्य लोगों के अलावा हाइलाकांदी जिला कांग्रेस के सचिव हिफजुर रहमान मजूमदार अल्गापुर ब्लॉक महिला कांग्रेस की उपाध्यक्ष रुशना बेगम मजूमदार अल्गापुर मंडल अध्यक्ष अल्ताफ हुसैन बोआलीपार चांदपुर मंडल अध्यक्ष अब्दुल मलिक ताड़ापार, भाटीरकूपा मंडल अध्यक्ष अब्दुस समद मझारभुइयाँ बोआलीपार जीपी के बूथ अध्यक्ष सलीम उद्दीन चौधरी सहित अल्गापुर ब्लॉक कांग्रेस एवं युवा कांग्रेस के विभिन्न स्तरों के नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।