विक्रमपुर चाय बागान के श्रमिकों ने मुख्यमंत्री राहत कोष में दिए 40 हजार रुपये

शिलचर, 31 अगस्त: विक्रमपुर चाय बागान के श्रमिकों ने अपनी साप्ताहिक मजदूरी से प्रति श्रमिक 100 रुपये की कटौती कर एकत्रित 40 हजार रुपये मुख्यमंत्री राहत कोष में दान किए। सोमवार दोपहर शिलचर के सदरघाट रोड स्थित बराक चाय श्रमिक संघ के कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान यह चेक संघ के महासचिव एवं उधारबंद के विधायक राजदीप ग्वाला को सौंपा गया।

इस अवसर पर शिलकुड़ी चाय बागान के प्रबंधक ओम प्रकाश सिंह, विक्रमपुर चाय बागान के प्रबंधक अनूप कुमार तिवारी, बागान पंचायत के अध्यक्ष उत्तम भूमिज, सचिव अनंत कर्मकार, मुक्ति नायक, अखिल कर्मकार, धनेश्वर माझी तथा परीक्षित भूमिज सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

राजदीप ग्वाला ने कहा कि हाल में शिवसागर, गोलाघाट, चराईदेव और जोरहाट जिलों में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित लोगों की सहायता के लिए मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने तेजी और मानवीय संवेदनशीलता के साथ राहत कार्य शुरू किया है। उन्होंने कहा कि श्रमिकों द्वारा अपनी मेहनत की कमाई से राहत कोष में योगदान करना उनकी मानवीय संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी का परिचायक है।

उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले शिलकुड़ी चाय बागान के श्रमिकों ने भी अपनी साप्ताहिक मजदूरी से 55 हजार रुपये मुख्यमंत्री राहत कोष में दान किए थे। विक्रमपुर के श्रमिकों का यह योगदान भी उसी मानवीय भावना की कड़ी है।

शिलकुड़ी चाय बागान के प्रबंधक ओम प्रकाश सिंह ने कहा कि विक्रमपुर चाय बागान के प्रबंधक अनूप कुमार तिवारी के सक्रिय सहयोग से यह राहत राशि एकत्र करने और हस्तांतरित करने का कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उपस्थित लोगों ने बाढ़ प्रभावित परिवारों के शीघ्र पुनर्वास और राहत कार्यों की सफलता की कामना की।

कार्यक्रम के अंत में बराक चाय श्रमिक संघ के 75वें वर्ष के उपलक्ष्य में प्रकाशित विशेष ‘हीरक जयंती स्मारिका’ की प्रतियां राजदीप ग्वाला ने शिलकुड़ी चाय बागान के प्रबंधक ओम प्रकाश सिंह और विक्रमपुर चाय बागान के प्रबंधक अनूप कुमार तिवारी को प्रदान कीं।

Leave a Comment