उधारबंद, 30 अगस्त: भारत रत्न डॉ. भूपेन हजारिका की जन्मशताब्दी के अवसर पर रविवार को उधारबंद ऑडिटोरियम में ‘भूपेन हजारिका संगीत प्रतियोगिता’ का आयोजन किया गया। व्यतिक्रम ग्रुप के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में यू.एस.ए. उधारबंद ने सहयोग किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्थानीय निर्णायक मानसी चौधरी और शिवाशिष चक्रवर्ती ने किया। इसके बाद बैतिक्रम परिवार के भास्कर दास और यू.एस.ए. उधारबंद के अध्यक्ष जगन्नाथ राय ने मंगलिक पंचप्रदीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया। उपस्थित अतिथियों को उत्तरीय पहनाकर सम्मानित किया गया।
जिला संयोजक भास्कर दास ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य दक्षिण असम के सभी 14 विधानसभा क्षेत्रों से उभरती संगीत प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर उन्हें मुख्यधारा में पहचान दिलाना है। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से चयनित कलाकार आगामी 7 सितंबर को शिलचर संगीत विद्यालय में आयोजित महा-फाइनल में हिस्सा लेंगे। विजेताओं को ट्रॉफी के साथ विशेष आर्थिक पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।
इसके अलावा 8 सितंबर को बंग भवन में सम्मान समारोह एवं सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा। इसमें कोलकाता की लोकप्रिय संगीत मंडली ‘दोहार’ तथा गुवाहाटी के विशिष्ट कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण 100 कलाकारों द्वारा भूपेन हजारिका के गीतों की सामूहिक प्रस्तुति होगी।
इस अवसर पर बैतिक्रम की भूपेन हजारिका जन्मशताब्दी समारोह के तहत आयोजित संगीत प्रतियोगिता की उधारबंद विधानसभा क्षेत्र की संयोजक शिवांगी राय सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।