गौतम सरकार, रामकृष्णनगर, 30 अगस्त: रामकृष्णनगर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत रोंगपुर जीपी के 48 नंबर बूथ स्थित मुथुरा बाजार दुर्गा मंडप में रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 137वें ‘मन की बात’ कार्यक्रम का सामूहिक श्रवण किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय महिला एवं पुरुष कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे। महिलाओं की भागीदारी विशेष रूप से अधिक रही। करीब आधे घंटे तक लोगों ने प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को ध्यानपूर्वक सुना।
इस अवसर पर जिला ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष गोपी मोहन नाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में महिलाओं के कल्याण और सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाएं लागू की गई हैं। उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार के प्रयासों से सड़क, पेयजल, बिजली और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं में लगातार सुधार हो रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा के नेतृत्व में असम के विभिन्न जिलों में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि रामकृष्णनगर विधानसभा क्षेत्र में विधायक विजय मालाकार के कार्यकाल में ग्रामीण सड़कों समेत विभिन्न महत्वपूर्ण क्षेत्रों में विकास कार्य किए जा रहे हैं। क्षेत्र के दूर-दराज के इलाकों तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास जारी है।
कार्यक्रम में 48 नंबर बूथ के अध्यक्ष कृष्ण देव सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।