पूर्व हिंदी शिक्षक रामधारी कोइरी का निधन, धोलाई में शोक की लहर

धोलाई, 29 अगस्त: हिंदी भाषी समाज कल्याण संस्था, धोलाई के कोषाध्यक्ष श्री निर्मल कोईरी के पूज्य पिताजी एवं उमातारा गर्ल्स एम.वी. स्कूल के पूर्व हिंदी शिक्षक रामधारी कोइरी का शनिवार प्रातः निधन हो गया। उनके निधन की खबर से परिवार, शुभचिंतकों एवं हिंदी भाषी समाज में शोक की लहर दौड़ गई।

स्वर्गीय रामधारी कोइरी धार्मिक, सरल, मिलनसार एवं हँसमुख स्वभाव के व्यक्ति थे। शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान तथा समाज के प्रति उनकी सेवाओं को लंबे समय तक स्मरण किया जाएगा। उनके निधन पर विभिन्न सामाजिक एवं हिंदी भाषी संगठनों से जुड़े लोगों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।

शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए लोगों ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। ॐ शांति।

Leave a Comment