लखीपुर, 29 अगस्त: लखीपुर के दिगर फूलरतल इलाके में पुलिस पर जमीन कब्जाने की कोशिश का गंभीर आरोप लगा है। जमीन की मालिक चोंगपी सिटलौ ने आरोप लगाया है कि बिना किसी वैध सरकारी प्रक्रिया या पूर्व नोटिस के लखीपुर पुलिस ने उनकी खरीदी हुई आठ कट्ठा जमीन की चहारदीवारी तोड़कर करीब 20 फीट हिस्से पर कब्जा करने का प्रयास किया।
चोंगपी सिटलौ के अनुसार, उन्होंने पिछले वर्ष ओइनाम बीरमणि सिंह से उक्त जमीन खरीदी थी और बाद में उसकी चहारदीवारी का निर्माण कराया। जमीन के समीप करीब तीन वर्ष पहले लखीपुर उप-जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय के निर्माण के लिए लगभग दो बीघा जमीन आवंटित की गई थी, लेकिन वह जमीन अभी तक खाली पड़ी है।
जमीन मालिक का आरोप है कि शुक्रवार रात पुलिसकर्मी उनकी जमीन में पहुंचे और जमीन पर निशान लगाकर चहारदीवारी हटाने को कहा। ऐसा नहीं करने पर बुलडोजर से चहारदीवारी तोड़ने की धमकी भी दी गई। घटना के बाद मार समुदाय के विभिन्न संगठनों में आक्रोश है। शनिवार को बड़ी संख्या में महिलाएं और संगठन के नेता एकत्र हुए तथा पुलिस की कथित कार्रवाई का विरोध किया। संगठनों ने मामले का समाधान नहीं होने पर न्यायालय का दरवाजा खटखटाने की चेतावनी दी है।