रक्षाबंधन पर केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने बुजुर्ग महिलाओं से लिया आशीर्वाद

[कहा—माताओं के स्नेह और आशीर्वाद में महसूस होती है मां की ममता]

डिब्रूगढ़: रक्षाबंधन के पावन अवसर पर केंद्रीय बंदरगाह, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने शुक्रवार को डिब्रूगढ़ के हातिमुरा स्थित आशा वृद्धाश्रम का दौरा किया। उन्होंने वृद्धाश्रम में रह रही बुजुर्ग महिलाओं से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उनकी आवश्यकताओं व समस्याओं की जानकारी लेते हुए उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस अवसर पर सोनोवाल ने वृद्धाश्रम की महिलाओं के लिए बिस्तर, कपड़े और खाद्य सामग्री सहित आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराईं। उन्होंने बुजुर्ग महिलाओं से परिवार के सदस्य की तरह बातचीत की और उनके जीवन के अनुभवों को सुना।

सोनोवाल ने कहा, “मेरी मां अब शारीरिक रूप से मेरे साथ नहीं हैं, लेकिन इन माताओं का प्रेम, स्नेह और आशीर्वाद आज भी मुझे मां की ममता का एहसास कराता है।” उन्होंने कहा कि आशा वृद्धाश्रम की माताओं के साथ बिताए पल उनके लिए भावुक और यादगार रहे। बुजुर्ग महिलाओं की मुस्कान और आशीर्वाद उन्हें जनसेवा के मार्ग पर और अधिक ऊर्जा के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।

सोनोवाल ने वृद्धाश्रम निवासी स्नेहलता दत्त से भी विशेष रूप से मुलाकात की। दत्त ने अपने पति, पुत्र और पुत्रवधू को असमय खो दिया था। उनका पुत्र छात्र जीवन में सोनोवाल का मित्र था। इसी पुराने संबंध के चलते स्नेहलता दत्त सोनोवाल को अपने पुत्र के समान मानती हैं और उन्हें स्नेह व आशीर्वाद देती हैं।

वृद्धाश्रम की सभी ११ निवासियों की आवश्यकताओं और कठिनाइयों की जानकारी लेने के बाद केंद्रीय मंत्री ने उनकी जरूरतों को पूरा करने के लिए सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों के बावजूद बुजुर्ग महिलाएं जिस सरलता और मुस्कान के साथ जीवन का सामना कर रही हैं, उससे वे बेहद प्रभावित हुए हैं।

सोनोवाल ने कहा, “मानवता, प्रेम और सेवा ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। आशा वृद्धाश्रम की माताओं का स्नेह और आशीर्वाद मुझे एक बार फिर इस बात का एहसास करा गया।”

आशा वृद्धाश्रम की संचालक मंजुला बरुआ वर्ष २०२० से परिवार के सहारे से वंचित अथवा सहायता की जरूरत वाली बुजुर्ग महिलाओं की सेवा कर रही हैं। वर्तमान में वृद्धाश्रम में ११ बुजुर्ग महिलाओं को आश्रय और देखभाल प्रदान की जा रही है।

कार्यक्रम के दौरान सोनोवाल ने सभी निवासियों के अच्छे स्वास्थ्य, शांति और सुख-समृद्धि की कामना की तथा भविष्य में भी वृद्धाश्रम की जरूरतों के प्रति संवेदनशील रहते हुए सहयोग जारी रखने का भरोसा दिलाया। इस दौरान डिब्रूगढ़ विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष असीम हजारिका तथा असम पेट्रो-केमिकल्स लिमिटेड के अध्यक्ष बिकुल डेका भी उपस्थित रहे।

Leave a Comment