दो संदिग्ध ड्रग तस्कर गिरफ्तार, हेरोइन जैसा पदार्थ और ३४० नाइट्राजेपाम टैबलेट बरामद
प्रतिनिधि हाइलाकांदी, २८ अगस्त: मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हाइलाकांदी जिले की पंचग्राम पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना और स्थानीय लोगों के सहयोग से पुलिस ने अभियान चलाकर भारी मात्रा में नशीली सामग्री के साथ दो संदिग्ध ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जियाउल इस्लाम लस्कर (२८) और विश्वजीत धर (३२) के रूप में हुई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार पंचग्राम इलाके में दोनों व्यक्तियों की संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए स्थानीय लोगों ने पहले उन्हें पकड़ लिया और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया। इसके बाद पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया जिसमें उनके पास से बड़ी मात्रा में नशीली सामग्री बरामद हुई।
डीएसपी विद्युत शइकिया की मौजूदगी में पंचग्राम थाने के प्रभारी अधिकारी पाओमिनलाल डांगेल तथा कटाखाल आईसी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अभियान चलाया। अभियान के दौरान गिरफ्तार दोनों आरोपियों के पास से नारंगी और सफेद रंग का मिश्रित हेरोइन जैसा पदार्थ बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, बरामद पदार्थ का वजन लगभग २.६ ग्राम है।इसके अलावा १० मिलीग्राम क्षमता वाली पी नित्रा १० नाइट्राजेपाम टैबलेट की ३४० गोलियां भी बरामद की गईं। ये टैबलेट कुल ३४ स्ट्रिपों में थीं और प्रत्येक स्ट्रिप में १० टैबलेट थीं। पुलिस ने अभियान के दौरान दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
पुलिस का दावा है कि बरामद नशीली सामग्री की अनुमानित बाजार कीमत लगभग २० लाख रुपये है।इस कार्रवाई से पंचग्राम इलाके में मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस की सक्रियता एक बार फिर सामने आई है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई पर संतोष व्यक्त किया है। उन्होंने मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस से आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रखने की मांग की है।
पुलिस की ओर से बताया गया है कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। साथ ही इस मादक पदार्थ कारोबार में और कौन कौन लोग शामिल हैं इसकी भी जांच की जा रही है।