तिनसुकिया में ३० अगस्त को होगी नीट-पीजी परीक्षा

तिनसुकिया: नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशंस इन मेडिकल साइंसेज (एनबीईएमएस) द्वारा नीट-पीजी २०२६ परीक्षा का आयोजन आगामी ३० अगस्त, रविवार को तिनसुकिया जिले के काकपथार स्थित पद्मनाथ गोहाईं बरुआ सरकारी आदर्श महाविद्यालय में किया जाएगा।

परीक्षा के सुचारु एवं शांतिपूर्ण संचालन के मद्देनजर तिनसुकिया के जिला दंडाधिकारी सुमित छात्तावान, भा.प्र.से. ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, २०२३ की धारा १६३ के तहत परीक्षा केंद्र पर कई निषेधाज्ञाएं लागू की हैं।

जारी आदेश के अनुसार, ३० अगस्त को परीक्षा केंद्र के ५० मीटर के दायरे में परीक्षार्थियों, लेखकों तथा परीक्षा ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों के अलावा किसी अन्य व्यक्ति के प्रवेश अथवा जमावड़े पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल फोन, स्मार्ट घड़ी, ब्लूटूथ उपकरण, ईयरफोन, इलेक्ट्रॉनिक पेन, स्कैनर, कैलकुलेटर, पेन ड्राइव तथा किसी भी प्रकार के कागज, नोट्स, मुद्रित या लिखित अध्ययन सामग्री ले जाना प्रतिबंधित किया गया है। इसके अलावा अनुचित साधनों के इस्तेमाल में सहायता करने वाली किसी भी वस्तु को परीक्षा केंद्र में ले जाने की अनुमति नहीं होगी।

जिला प्रशासन ने चेतावनी दी है कि निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता, २०२३ की धारा २२३ के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सभी परीक्षार्थियों तथा आम जनता से प्रशासन को पूर्ण सहयोग प्रदान करने की अपील की है।

अर्नब शर्मा
डिब्रूगढ़

Leave a Comment