लखीमपुर, 26 अगस्त प्रेरणा भारती समाचार पत्र में जनहित से जुड़ी खबरों का बड़ा असर देखने को मिला है। विगत 6 दिसंबर को प्रेरणा भारती में “लीलाबाड़ी हवाई अड्डा मार्ग से चराई मोरिया को जोड़ने वाली सड़क की जर्जर हालत से आम लोगों को भारी परेशानी” शीर्षक से समाचार प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था।
समाचार में बताया गया था कि लीलाबाड़ी तिनाली से उज्जवलपुर ग्राम पंचायत होते हुए नवपं गांव और चराई मोरिया को जोड़ने वाली यह सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। मार्ग में हमारे पड़ोसी राज्य अरुणाचल प्रदेश का ILP कार्यालय, 13वीं APBN पुलिस ट्रेनिंग सेंटर, असम वायु उद्योग, पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय और कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय स्थित है। केवल पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय में ही रोजाना लगभग 1200 विद्यार्थी आते-जाते हैं। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढों, धूल-मिट्टी और उखड़े पत्थरों के कारण विद्यार्थी, अभिभावक और राहगीरों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही थी। एक विद्यार्थी तो इस खराब सड़क के कारण वाहन से गिरकर गंभीर रूप से घायल भी हो गया था।
खबर के बाद जागा प्रशासन
प्रेरणा भारती में खबर प्रकाशित होने के बाद जिला प्रशासन हरकत में आया और इस महत्वपूर्ण मार्ग को संज्ञान में लिया। अब 6 माह बाद लीलाबाड़ी से होकर नवपं गांव होते हुए चराई मोरिया को जोड़ने वाले इसी मार्ग पर निर्माण / मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया है। वर्तमान में सड़क पर डामरीकरण और पैच-वर्क का काम तेजी से चल रहा है।
स्थानीय नागरिकों, अभिभावकों और वाहन चालकों ने सड़क निर्माण शुरू होने पर खुशी व्यक्त की है और इस जनहित के मुद्दे को उठाने के लिए प्रेरणा भारती तथा त्वरित कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग का आभार व्यक्त किया है।