दुमदुमा, प्रे भा
24 अगस्त: दुमदुमा क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर सोमवार को गांधी मूर्ति परिसर के समीप आंसू के आंचलिक समिति के नेतृत्व में दुमदुमा में दो घंटे का धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। दुमदुमा आंचलिक छात्र संस्था के बैनर तले आयोजित इस धरने में क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े कई मुद्दे उठाए गए।
धरने के दौरान प्रदर्शनकारियों ने प्रमुख रूप से दुमदुमा के वीर राघव मोरान आदर्श महाविद्यालय को विश्वविद्यालय के रूप में विकास के साथ दुमदुमा एफआरयू चिकित्सालय को जिला चिकित्सालय में उन्नत करने तथा क्षेत्र में बढ़ रहे नशीले पदार्थों के प्रचलन और सेवन पर रोक लगाने के लिए व्यापक व्यवस्था करने की मांग प्रमुख रही।
इसके अलावा चाय नगरी के रूप में प्रसिद्ध दुमदुमा में चाय अनुसंधान केंद्र स्थापित करने, रूपाई स्थित दुमदुमा महाविद्यालय और डॉन बॉस्को हाई स्कूल के बीच फुटब्रिज निर्माण, दुमदुमा शहर में यातायात एवं पार्किंग की समस्या के समाधान के लिए बहुमंजिला पार्किंग गृह का निर्माण तथा दुमदुमा और आसपास के क्षेत्रों में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए जिला प्रशासन एवं परिवहन विभाग से वैज्ञानिक एवं प्रभावी व्यवस्था लागू करने की मांग की गई।
धरने के माध्यम से प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से इन मांगों पर शीघ्र कार्रवाई करने और दुमदुमा क्षेत्र के विकास एवं जनसुविधाओं को प्राथमिकता देने की अपील की।