बड़खोला के बालाछोड़ा टोलगेट पर 1,720 पैकेट विदेशी सिगरेट जब्त, दो गिरफ्तार

शिलचर, 25 अगस्त: काछार जिले के बड़खोला थाना क्षेत्र के बालाछोड़ा टोलगेट के पास पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लॉरी के गुप्त चैंबर से 1,720 पैकेट विदेशी सिगरेट बरामद की। इस मामले में पुलिस ने लॉरी में सवार दो युवकों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, सोमवार को गुप्त सूचना के आधार पर बड़खोला थाना प्रभारी कुलेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोपहर करीब 12 बजे बालाछड़ा टोलगेट के समीप अभियान चलाया। इसी दौरान शिलचर से गुवाहाटी की ओर जा रही एक लॉरी को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान पुलिस को लॉरी में एक गुप्त चैंबर दिखाई दिया।

गुप्त चैंबर को खोलकर तलाशी लेने पर उसमें बड़ी मात्रा में विदेशी सिगरेट छिपाकर रखी गई थी। पुलिस ने कुल 1,720 पैकेट सिगरेट बरामद करने के साथ लॉरी को भी जब्त कर लिया। वाहन में सवार दोनों युवकों को गिरफ्तार कर बड़खला थाने लाया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल हुसैन बड़ा भूइयां (24), निवासी भागा इस्लामाबाद, तथा साजिद अहमद लस्कर (18), निवासी भागा सप्तग्राम के रूप में हुई है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि विदेशी सिगरेट की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। साथ ही, तस्करी के इस नेटवर्क में अन्य लोगों की संलिप्तता है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।

बालाछोड़ा टोलगेट क्षेत्र में इससे पहले भी अवैध सामान की तस्करी के खिलाफ पुलिस कार्रवाई कर चुकी है। लॉरी के गुप्त चैंबर से इतनी बड़ी मात्रा में विदेशी सिगरेट बरामद होने की घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है।

Leave a Comment