शिलचर, 19 अगस्त: शिलचर के अन्नपूर्णाघाट पुल से अपने चार वर्षीय बच्चे को कमर में बांधकर बराक नदी में छलांग लगाने वाली महिला का शव बुधवार को बरामद कर लिया गया। महिला के शव के साथ उसका चार वर्षीय बच्चा भी कमर से बंधी अवस्था में मिला। दोनों शव कछार जिले के कटिगड़ा क्षेत्र के गणिरग्राम के निकट बराक नदी से बरामद किए गए।
जानकारी के अनुसार, बरदुधपतिल क्षेत्र की रहने वाली दीया आकुरा ने गत शुक्रवार अपने चार वर्षीय बच्चे को कमर में बांधकर अन्नपूर्णाघाट पुल से बराक नदी में छलांग लगा दी थी। घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम ने नदी में व्यापक तलाशी अभियान चलाया, लेकिन उस समय मां और बच्चे का कोई सुराग नहीं मिल सका।
घटना के करीब चार दिन बाद बुधवार को गणिरग्राम के निकट स्थानीय लोगों ने नदी में एक महिला का शव देखा। शव के साथ बच्चा भी बंधा हुआ दिखाई देने पर स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को नदी से बाहर निकाला। पहचान की पुष्टि के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए शिलचर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया गया।
मां और बच्चे की इस दर्दनाक मौत की खबर से इलाके में शोक की लहर है। घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर भी गहरी चिंता और चर्चा का माहौल बना हुआ है।