काठीघोड़ा-बड़खोला, 17 अगस्त: काछार जिले के काठीघोड़ा-बड़खोला क्षेत्र के बूरुंगा में सोमवार को स्टार सीमेंट नॉर्थईस्ट लिमिटेड की पहल पर एक भव्य जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों, युवाओं और ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के विकास को ध्यान में रखते हुए कंप्यूटर बस, 50 सिलाई मशीनों तथा खेल सामग्री का औपचारिक शुभारंभ एवं वितरण किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। समारोह में काठीघोड़ा के विधायक कमलाक्ष दे पुरकायस्थ, बड़खोला के विधायक किशोर नाथ तथा कछार जिला परिषद के अध्यक्ष कंकन नारायण शीकदार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
अतिथियों ने कहा कि मोबाइल कंप्यूटर बस के माध्यम से दूरदराज के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को आधुनिक कंप्यूटर शिक्षा का अवसर मिलेगा। वहीं, सिलाई मशीनों का वितरण ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा उनके लिए स्वरोजगार के अवसर पैदा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। खेल सामग्री से क्षेत्र के युवाओं को खेल गतिविधियों के प्रति प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद जताई गई।
कार्यक्रम में स्टार सीमेंट के सीईओ प्रदीप पुरोहित, प्लांट हेड अनिल पोरवाल, वरिष्ठ प्रोजेक्ट मैनेजर बीरजू पांडेय और शुकन्या गोस्वामी समेत कंपनी के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
कंपनी की ओर से बताया गया कि सामाजिक दायित्व (CSR) के तहत क्षेत्र के लोगों के सामाजिक, शैक्षिक एवं आर्थिक विकास के लिए भविष्य में भी इस तरह के जनकल्याणकारी कार्यक्रम लगातार जारी रखे जाएंगे।