डिब्रूगढ़: ऑयल इंडिया लिमिटेड ने आईआईटी खड़गपुर के प्लेटिनम जुबली समारोह के दौरान स्वदेशी स्वच्छ-प्रौद्योगिकी नवाचार को बढ़ावा देने की अपनी प्रतिबद्धता को प्रदर्शित किया।
समारोह के अवसर पर MC² फाउंडेशन ने ऊर्जा क्षेत्र में नवाचार और उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एनर्जी इनोवेशन हैकाथॉन की शुरुआत की। 16 अगस्त 2026 को ऑयल समर्थित स्टार्टअप द्वारा विकसित तीन स्वदेशी इलेक्ट्रिक वाहनों का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से MC² फाउंडेशन के सीईओ संदीप माहेश्वरी ने उद्घाटन किया। इस अवसर पर आईआईटी खड़गपुर के प्रोफेसर मनोज कुमार मंडल भी उपस्थित रहे।
इन इलेक्ट्रिक वाहनों का विकास हॉपुन इनोवेशंस प्राइवेट लिमिटेड ने किया है, जो आईआईटी भुवनेश्वर में इनक्यूबेटेड स्टार्टअप है। इन वाहनों को विशेष रूप से तेल क्षेत्र और अन्य फील्ड ऑपरेशंस की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए डिजाइन एवं विकसित किया गया है।
वाहनों को डिब्रूगढ़ के दुलियाजान में ऑयल के रेजिडेंट चीफ एग्जीक्यूटिव बिनयानंद बराली ने औपचारिक रूप से फ्लैग ऑफ किया। हॉपुन इनोवेशंस अब तक 13 इलेक्ट्रिक वाहनों का विकास कर चुका है, जिनमें से तीन वाहनों को दुलियाजान में फील्ड ट्रायल और प्रदर्शन के लिए तैनात किया गया है।
यह पहल ऊर्जा क्षेत्र में स्टार्टअप्स को समर्थन देने और स्वदेशी तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देने के ऑयल के निरंतर प्रयासों को रेखांकित करती है। साथ ही, यह स्वच्छ मोबिलिटी, टिकाऊ ऊर्जा समाधान और फील्ड ऑपरेशंस में तकनीक आधारित बदलाव के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है।
स्टार्टअप्स और शैक्षणिक संस्थानों के साथ सहयोग के माध्यम से ऑयल भारत के बदलते ऊर्जा परिदृश्य के अनुरूप स्वदेशी तकनीकों को बढ़ावा देने की दिशा में काम कर रहा है। यह पहल एक स्वच्छ, हरित और आत्मनिर्भर ऊर्जा भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।