मां के सामने धारदार हथियार से हमला करने का आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच
नीलामबाजार, 17 अगस्त: नीलामबाजार थाना क्षेत्र के भारत-बांग्लादेश सीमा से सटे पश्चिम नयाग्राम में पैतृक संपत्ति को लेकर चल रहे विवाद ने रविवार को खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि दो छोटे भाइयों ने अपनी मां के सामने बड़े भाई की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। मृतक की पहचान ताजेल हुसैन के रूप में हुई है। घटना के बाद से आरोपी भाई ताज उद्दीन और निजाम हुसैन फरार बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, तीनों भाइयों—ताजेल हुसैन, ताज उद्दीन और निजाम हुसैन—के बीच लंबे समय से पैतृक संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। रविवार सुबह करीब 10 बजे इसी विवाद को लेकर तीनों के बीच कहासुनी हुई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर ताज उद्दीन और निजाम हुसैन ने धारदार हथियार से ताजेल हुसैन पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही नीलामबाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी आनंदमेधि के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू की। बाद में जिला मुख्यालय से डीएसपी (हेडक्वार्टर) मानसप्रतिम चौधरी भी घटनास्थल पर पहुंचे।
मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।
इस बीच, घटना के बाद से दोनों आरोपी भाई फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने तलाशी अभियान तेज कर दिया है। पैतृक संपत्ति के विवाद को लेकर हुई इस हत्या से पश्चिम नयाग्राम सहित आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई है।