हाइलाकांदी, 16 अगस्त। हाइलाकांदी जिले की आयनाखाल सहकारी समिति की वार्षिक आमसभा रविवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुई। बैठक में समिति के विकास कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने तथा सदस्यों के हित में संचालित योजनाओं को और प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
विभागीय वरिष्ठ निरीक्षक एवं पर्यवेक्षक मुस्तफा हुसैन तापादार की उपस्थिति में आयोजित सभा में रिटर्निंग अधिकारी नूर मोहम्मद अली तथा एआरओ पंकज कलिता ने सदस्यों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति पर संतोष व्यक्त किया। इस दौरान वर्ष 2026-27 की वार्षिक आमसभा से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में गत 24 जुलाई को जारी अधिसूचना के अनुसार अगले पांच वर्षों के लिए आयनाखाल सहकारी समिति की नई कार्यकारिणी गठित करने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। अधिसूचना के बाद 6 अगस्त को कुल 15 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया। निर्धारित नियमों के अनुसार नामांकन पत्रों की जांच के बाद सभी 15 प्रत्याशियों के नामांकन वैध पाए गए। प्रत्याशियों की संख्या कार्यकारिणी के निर्धारित पदों से अधिक नहीं होने के कारण चुनाव की आवश्यकता नहीं पड़ी और सभी सदस्य निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए।
वार्षिक आमसभा के दूसरे सत्र में रिटर्निंग अधिकारी नूर मोहम्मद अली की अध्यक्षता में नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें सामान्य वर्ग की सीटों से 12 सदस्य, अनुसूचित जाति/जनजाति वर्ग से एक सदस्य तथा महिला वर्ग से दो सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हुए।
नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को संबोधित करते हुए विभागीय रिटर्निंग अधिकारी नूर मोहम्मद अली ने आयनाखाल सहकारी समिति के विकास कार्यों को और अधिक गति देने का आह्वान किया। उन्होंने विभाग की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि समिति द्वारा संचालित सीएससी, बकरी पालन तथा केसीसी ऋण जैसी योजनाओं के माध्यम से विकास कार्यों में जो प्रगति दिखाई दे रही है, उसे भविष्य में और व्यापक बनाया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जिले की अन्य सहकारी समितियों की तुलना में आयनाखाल सहकारी समिति की प्रगति लगातार बेहतर हो रही है। नई कार्यकारिणी के नेतृत्व में समिति की गतिविधियों को और मजबूत करने की उम्मीद है।
आमसभा के प्रथम सत्र की अध्यक्षता राजकुमार भर ने की। समिति के सचिव रमेश कोईरी ने वार्षिक कार्यविवरण प्रस्तुत करने के साथ-साथ समिति की आगामी योजनाओं और विकास की रूपरेखा पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के एआर मंडल अध्यक्ष किरण तेली, कोइया ग्राम पंचायत की सभानेत्री की प्रतिनिधि रोशन पांडे, मोनाछोड़ा ग्राम पंचायत की सभानेत्री के प्रतिनिधि गौतम शुक्लवैद्य, कंचनपुर ग्राम पंचायत की सभानेत्री के प्रतिनिधि लक्ष्मण नायडू, बच्चू मजूमदार, पश्चिम कित्तारबंद के महमूद हुसैन लस्कर, कोइया ग्राम पंचायत के क्षेत्रीय पंचायत प्रतिनिधि अभिषेक पांडेय, आयनाखाल ग्राम पंचायत की सभानेत्री बीना दुसाध सहित क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे।