शिलचर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, मंत्री कौशिक राय ने किया ध्वजारोहण

रानु दत्त शिलचर, 16 अगस्त: देशभर के साथ कछार जिला प्रशासन के तत्वावधान में शनिवार को शिलचर में 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे सम्मान, उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। शिलचर जिला खेल संघ के मैदान में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह में मंत्री कौशिक राय ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया।

समारोह में शिलचर के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के साथ कछार पुलिस, एनसीसी और असम राइफल्स के जवानों ने शानदार मार्चपास्ट में हिस्सा लिया। इसके बाद मंत्री ने परेड का निरीक्षण कर सलामी स्वीकार की।

अपने संबोधन में मंत्री कौशिक राय ने स्वतंत्रता दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने राज्य सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं एवं जनकल्याणकारी परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए उनके क्रियान्वयन और उपलब्धियों की जानकारी भी दी।

मुख्य समारोह में कछार के जिला आयुक्त राहुल कुमार गुप्ता, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पार्थप्रतिम दास, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, डीएसपी, शिलचर टाउन थाना के अधिकारी, शिलचर के विधायक, पूर्व विधायक, सांसद, भाजपा के जिला अध्यक्ष सहित विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से व्यायाम प्रदर्शन, धामाइल, नृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इन कार्यक्रमों ने समारोह में देशभक्ति और उत्सव का रंग भर दिया।

इसके अलावा सदर थाना, नेशनल हाईवे पेट्रोल पोस्ट सहित विभिन्न सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, क्लबों एवं सामाजिक संगठनों में भी ध्वजारोहण और विविध कार्यक्रम आयोजित कर स्वतंत्रता दिवस को गरिमापूर्ण ढंग से मनाया गया। पूरे दिन शिलचर में देशभक्ति और उत्सव का माहौल बना रहा।

Leave a Comment