रामकृष्णनगर में 27 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं को प्रमाणपत्र देकर किया गया सम्मानित

गौतम सरकार, रामकृष्णनगर, 16 अगस्त : भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रामकृष्णनगर बाल विकास परियोजना कार्यालय परिसर में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत परियोजना कार्यालय के सीडीपीओ विनोद छेत्री द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ हुई।

इस अवसर पर रामकृष्णनगर बाल विकास परियोजना कार्यालय के अधीन कार्यरत 27 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इनमें 20 आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और 7 सहायिकाएं शामिल हैं। विभागीय कार्यक्रमों के संचालन के साथ-साथ माताओं एवं बच्चों से संबंधित विभिन्न जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन करने के लिए उन्हें यह सम्मान दिया गया।

समारोह में दुल्लभछड़ा बाल विकास परियोजना कार्यालय की सीडीपीओ विद्युत्तमा अखंड, बाबलू दत्त, पूर्व शिक्षक रणसीर कर, रंजीत नाथ, रामकृष्णनगर बाल विकास परियोजना कार्यालय के पूर्व बड़े बाबू रणधीर महंत एवं मनिमय पाल तथा कानु दत्त को भी उत्तरीय पहनाकर सम्मानित किया गया।

अपने संबोधन में सीडीपीओ विनोद छेत्री ने कहा कि सरकार द्वारा बाल विकास विभाग के माध्यम से लाभार्थियों को उपलब्ध कराई जाने वाली विभिन्न सुविधाओं एवं योजनाओं को जरूरतमंदों तक पहुंचाने में आंगनवाड़ी कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि रामकृष्णनगर क्षेत्र के कई आंगनवाड़ी केंद्रों में अभी भी कर्मचारियों की कमी है। ऐसे में एक ही कर्मचारी को कई केंद्रों पर जाकर जिम्मेदारी निभानी पड़ती है, जिससे उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसके बावजूद आंगनवाड़ी कर्मी पूरी निष्ठा से अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। उन्होंने सभी कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी बेहतर कार्य करने का आह्वान किया।

दुल्लभछड़ा की सीडीपीओ विद्युत्तमा अखंड ने आंगनवाड़ी कर्मियों के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि वे कठिन परिस्थितियों में काफी मेहनत करते हैं और उनके काम के अनुरूप उन्हें हमेशा पर्याप्त प्रोत्साहन नहीं मिल पाता। ऐसे सम्मान एवं प्रोत्साहन समारोह निश्चित रूप से उनके मनोबल को बढ़ाते हैं और उन्हें भविष्य में और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने रामकृष्णनगर कार्यालय में तीन महीने तक सीडीपीओ के रूप में अपने कार्यकाल को याद करते हुए यहां की कार्यसंस्कृति की भी सराहना की।

कार्यक्रम में रामकृष्णनगर बाल विकास परियोजना कार्यालय के बड़े बाबू कमल कांति देव ने धन्यवाद ज्ञापन किया। इस अवसर पर सुपरवाइजर संगीता महंत, असीमा नाथ, गीतश्री शर्मा, जूनियर असिस्टेंट राजीव देवराय तथा ब्लॉक कोऑर्डिनेटर अनिमेष दास सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित थे। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।

Leave a Comment