कछार जिला परिषद में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित

शिलचर, 15 अगस्त: कछार जिला परिषद परिसर में शनिवार को देशभक्ति और उत्साह के साथ 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। समारोह के मुख्य अतिथि जिला परिषद के अध्यक्ष कंकन नारायण शिखदार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों और बलिदानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

अपने संबोधन में जिला परिषद अध्यक्ष कंकन नारायण शिखदार ने कहा कि स्वतंत्रता केवल एक ऐतिहासिक उपलब्धि नहीं, बल्कि स्वतंत्र सोच, आत्मनिर्भरता और नैतिक मूल्यों पर आधारित समाज के निर्माण की जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि देश की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा तथा राष्ट्र के निरंतर विकास के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा।

उन्होंने शिक्षा, सुशासन और समग्र विकास को वास्तविक स्वतंत्रता की आधारशिला बताते हुए कहा कि युवा पीढ़ी को देशभक्ति की भावना से प्रेरित होकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने युवाओं के लिए शिक्षा एवं रोजगार के अवसर बढ़ाने तथा स्थानीय विकास योजनाओं को गति देने के लिए जिला परिषद की ओर से आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया।

समारोह में समाज के विभिन्न वर्गों के योगदान की सराहना करते हुए शिखदार ने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से ही आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित, सम्मानजनक और बेहतर जीवन प्रदान किया जा सकता है।

कार्यक्रम में जिला परिषद के अधिकारी-कर्मचारी सहित अन्य उपस्थित लोगों ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

Leave a Comment