जरूरतमंद मरीजों के लिए क्षेत्रीय कावा, शिलचर ने लगाया रक्तदान शिविर

शिलचर, 14 अगस्त: जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से क्षेत्रीय कावा, शिलचर के तत्वावधान में संयुक्त अस्पताल, शिलचर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में क्षेत्रीय कावा, शिलचर की अध्यक्षा श्रीमती सीमा सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इस अवसर पर क्षेत्रीय कावा परिवार के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर इस सामाजिक एवं मानवीय पहल में अपना योगदान दिया।

ग्रुप केंद्र, शिलचर के पुलिस उप महानिरीक्षक श्री उदय प्रताप सिंह मानद अतिथि के रूप में शिविर में उपस्थित रहे। उन्होंने क्षेत्रीय कावा, शिलचर की ओर से किए जा रहे इस सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्य की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान एक महान सेवा है, जिससे जरूरतमंद मरीजों को जीवन बचाने में महत्वपूर्ण सहायता मिलती है।

शिविर के सफल संचालन के लिए शिलचर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की मेडिकल टीम भी मौजूद रही। चिकित्सकीय टीम ने रक्तदाताओं की आवश्यक स्वास्थ्य जांच की तथा रक्तदान के दौरान जरूरी चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई।

शिविर के माध्यम से क्षेत्रीय कावा, शिलचर ने सामाजिक सेवा, मानवीय संवेदना और जनकल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया। आयोजकों ने शिविर को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी रक्तदाताओं, अतिथियों, चिकित्सा टीम तथा क्षेत्रीय कावा परिवार के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Comment