गौतम सरकार, रामकृष्णनगर, 13 अगस्त: देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के पूर्व भाजपा के तीन मंडलों की पहल पर बुधवार को क्षेत्र में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में महिलाओं ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर यात्रा में भाग लिया।
नेताजी नगर हाई स्कूल से शुरू हुई तिरंगा यात्रा क्षेत्र की प्रमुख सड़कों से होते हुए गड़ेरबंद पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान ‘भारत माता की जय’ के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। यात्रा के समापन के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच शरबत का वितरण किया गया।
यात्रा में भैरवनगर मंडल भाजपा अध्यक्ष हीरेश विश्वास, गांधी नगर जीपी अध्यक्ष सौरभ दास, भैरवनगर मंडल भाजपा उपाध्यक्ष देवेश दास, सचिव संजय चौधरी, भैरवनगर ब्लॉक की आंचलिक पंचायत सभानेत्री पिंकी बाला दास, भैरवनगर मंडल महिला मोर्चा अध्यक्ष सुपर्णा दास, सुमंत विश्वास, दशरथ शुक्ल वैद्य, रंटू देव सहित महिला मोर्चा की कार्यकर्ता और भाजपा के अन्य सदस्य मौजूद थे।
गांधी नगर जीपी अध्यक्ष सौरभ दास ने कहा कि तिरंगा यात्रा के माध्यम से लोगों को प्रत्येक घर में स्वतंत्रता दिवस के दिन राष्ट्रीय ध्वज फहराने का संदेश दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिन वीरों ने अपने प्राणों की आहुति देकर देश को स्वतंत्रता दिलाई, उनका स्मरण करते हुए 15 अगस्त को राष्ट्रीय ध्वज फहराना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
भैरवनगर मंडल भाजपा अध्यक्ष हीरेश विश्वास ने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान बलिदान देने वाले वीर सेनानियों को श्रद्धांजलि देना और उनके बलिदान को याद करना है। उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
इसी अवसर पर रामकृष्णनगर मंडल और दुल्लभछड़ा मंडल में भी तिरंगा यात्रा निकाली गई। दोनों यात्राओं में भाजपा कार्यकर्ताओं, पंचायत स्तर के जनप्रतिनिधियों और महिला कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रामकृष्णनगर मंडल भाजपा अध्यक्ष प्रीतम पाल, दुल्लभछड़ा मंडल भाजपा अध्यक्ष चंदन भर, जिला परिषद सदस्य पंकज राय शर्मा, प्रणव मुखर्जी, देवकुमार कुर्मी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
तीनों मंडलों में आयोजित तिरंगा यात्राओं के दौरान देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया तथा लोगों से स्वतंत्रता दिवस को पूरे सम्मान और उत्साह के साथ मनाने का आह्वान किया गया।