गामारिया जीपी के तत्वावधान में भव्य तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के रंग में रंगा क्षेत्र

गौतम सरकार रामकृष्णनगर, 13 अगस्त। भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के पूर्व गामारिया ग्राम पंचायत (जीपी) के तत्वावधान में बुधवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। राष्ट्रीय ध्वज के साथ बड़ी संख्या में पंचायत प्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं, समर्थकों और स्थानीय महिलाओं-पुरुषों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

तिरंगा यात्रा गामारिया जीपी कार्यालय से शुरू होकर कालीबाड़ी अस्पताल और बाजार क्षेत्र की परिक्रमा करते हुए पुनः जीपी कार्यालय पहुंचकर संपन्न हुई। भीषण गर्मी के बावजूद प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।

यात्रा में गामारिया जीपी सभापति के प्रतिनिधि नरेंद्र चंद्र दास, उपाध्यक्ष सुरमणि सरकार, भैरवनगर जिला परिषद सदस्य राजेश दास, क्षेत्रीय पंचायत सदस्य के प्रतिनिधि परितोष दास, वार्ड सदस्य मितन दास, जयंत दास, प्रसनजीत दास, शिल्पजीत नमःशूद्र, हिमांशु नमःशूद्र, जितेंद्र दास, रमेश दास, भैरवनगर मंडल एससी मोर्चा के सचिव निगमानंद भारती तथा 151 नंबर बूथ के अध्यक्ष प्रणव दास सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

तिरंगा यात्रा के दौरान कालीबाड़ी बाजार के व्यवसायी रूपम सेन ने पदयात्रा में शामिल लोगों के लिए पेयजल की व्यवस्था की। उनकी इस पहल की उपस्थित लोगों ने सराहना की।

इससे पहले विधायक विजय मालाकार के नेतृत्व तथा जिला परिषद सदस्य एवं गामारिया जीपी के पदाधिकारियों के सहयोग से नबीन गांव में मैराथन दौड़ प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को ट्रॉफी, प्रमाणपत्र और पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला। इसके अलावा दुल्लभछड़ा, रामकृष्णनगर और भैरवनगर मंडलों में भी तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया गया, जिनमें तीनों मंडल अध्यक्षों सहित भाजपा के विभिन्न पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Comment