उधारबंद स्वास्थ्य केंद्र के विकास को लेकर विधायक राजदीप ग्वाला ने की समीक्षा बैठक

नीहार कांति राय, उधारबंद। उधारबंद के विधायक राजदीप ग्वाला विधायक बनने के बाद से क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, जनस्वास्थ्य विभाग तथा ग्राम पंचायतों के विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा के लिए लगातार बैठकें कर रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार को उन्होंने उधारबंद ब्लॉक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की प्रबंधन समिति की बैठक में हिस्सा लिया।

विधायक राजदीप ग्वाला की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में उधारबंद खंड विकास अधिकारी साधना काथारपी, उधारबंद मंडल अध्यक्ष उमाशंकर भट्टाचार्य, ब्लॉक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के एसडीएमओ डॉ. अर्जुन प्रसाद गोयाला, उपाध्यक्ष रंजीत बनिक, उधारबंद जीपी अध्यक्ष काकली कर, क्षेत्रीय पंचायत उपाध्यक्ष अमिता चक्रवर्ती तथा जिला परिषद सदस्य रोहित सिंह सहित अन्य उपस्थित थे।

बैठक का स्वागत भाषण एसडीएमओ डॉ. अर्जुन प्रसाद ग्वाला ने दिया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी देते हुए कर्मचारियों तथा स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी समस्याओं को विधायक के समक्ष रखा। विशेष रूप से क्लीनिंग स्टाफ के वेतन के बकाया भुगतान तथा रात के समय एंबुलेंस के लिए चालक की आवश्यकता का मुद्दा उठाया गया।

प्रबंधन समिति की सदस्य प्रतिमा भट्टाचार्य ने मरीजों को 24 घंटे चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराने के लिए एक अतिरिक्त चिकित्सक की नियुक्ति की मांग विधायक से की। वहीं सदस्य नीहार कांति राय ने स्वास्थ्य केंद्र में सोनोग्राफी, एक्स-रे और सीटी स्कैन जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा पर्याप्त मात्रा में दवाइयों की व्यवस्था करने की मांग रखी।

सभी सदस्यों की बातें सुनने के बाद विधायक राजदीप ग्वाला ने स्वास्थ्य केंद्र के क्लीनिंग स्टाफ के सात महीने के बकाया वेतन के भुगतान की मंजूरी देने की बात कही। उन्होंने बताया कि ब्लॉक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में उन्नत करने के संबंध में स्वास्थ्य मंत्री केशब महंत से चर्चा की जा चुकी है। क्लीनिंग स्टाफ के वेतन में वृद्धि का मामला भी विचाराधीन है।

विधायक ने स्वास्थ्य केंद्र के आधारभूत ढांचे के विकास पर विशेष जोर दिया। उन्होंने एसडीएमओ से चिकित्सकों और नर्सों के लिए क्वार्टर की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली तथा रात के समय सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और एंबुलेंस संचालन के लिए वैध लाइसेंसधारी चालक की व्यवस्था करने का निर्देश दिया। बैठक में प्रबंधन समिति के पुनर्गठन का मुद्दा भी चर्चा में आया। संचालन समिति के सदस्य स्वरूप दत्त ने किया।

बैठक के बाद विधायक ने स्वास्थ्य केंद्र परिसर का निरीक्षण किया और विभिन्न निर्माण एवं आधारभूत सुविधाओं की गुणवत्ता का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ देवज्योति गुप्त चौधरी, रूपक देव, सुदीप ग्वाला सहित अन्य लोग मौजूद थे। बैठक में चिकित्सक बीपीएम सालेह अहमद, एबीपीएम प्रसनजीत पाल, बीईई अभिनंदन नाथ, नर्स एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी भी उपस्थित रहे।

शालगंगा पेयजल परियोजना के विस्तार की मांग

इससे पहले विधायक राजदीप ग्वाला ने शालगंगा जीपी में पंचायत अध्यक्ष एस. राखी चौधरी, उपाध्यक्ष एवं पंचायत सदस्यों के साथ बैठक की। इसके बाद उन्होंने शालगंगा पेयजल परियोजना प्रबंधन समिति द्वारा आयोजित अभिनंदन समारोह में भी भाग लिया।

समिति के अध्यक्ष सुनील नंदी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पूर्व शिक्षक स्वप्न चक्रवर्ती सहित अन्य वक्ताओं ने कहा कि शालगंगा पेयजल परियोजना अत्यंत बेहतर परियोजना थी, लेकिन क्षेत्र की आबादी बढ़ने के कारण वर्तमान रिजर्वायर में पर्याप्त मात्रा में पानी का भंडारण संभव नहीं हो पा रहा है। उन्होंने एक बड़े नए रिजर्वायर के निर्माण की मांग रखी।

विधायक राजदीप ग्वाला ने आश्वासन दिया कि संबंधित विभाग के उच्चाधिकारियों से चर्चा कर नई परियोजना का एस्टिमेट तैयार करवाकर अनुमोदन के लिए भेजा जाएगा। उन्होंने क्षेत्र की पेयजल समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने का भरोसा दिलाया।

Leave a Comment