बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए शिलकुड़ी चाय बागान के श्रमिकों ने जुटाए 55 हजार रुपये

उधारबंद, 12 अगस्त: बाढ़ से प्रभावित लोगों की सहायता के लिए शिलकुड़ी चाय बागान के श्रमिकों ने मानवीय पहल करते हुए 55 हजार रुपये का योगदान दिया। बुधवार दोपहर 12 बजे शिलकुड़ी चाय बागान के प्रबंधक ओम प्रकाश सिंह ने चार चाय बागानों के पंचायत प्रतिनिधियों की उपस्थिति में 55 हजार रुपये का चेक उधारबंद के विधायक एवं बराक चाय श्रमिक यूनियन के महासचिव राजदीप गोवाला को सौंपा। यह राशि असम के मुख्यमंत्री राहत कोष में बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए राहत सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दी गई है।

बताया गया कि भड़ाखाई, शिलकुड़ी, दरगाकौना और धर्मीखाल चाय बागानों के श्रमिकों ने अपनी साप्ताहिक मजदूरी में से प्रत्येक ने 100 रुपये का योगदान दिया। श्रमिकों के सामूहिक सहयोग से कुल 55 हजार रुपये की राशि एकत्रित की गई।

इस अवसर पर विधायक राजदीप गोवाला ने कहा कि हाल में शिवसागर, गोलाघाट, चराइदेव और जोरहाट जिलों में आई भीषण बाढ़ से हजारों लोग प्रभावित हुए हैं तथा इस प्राकृतिक आपदा में करीब सौ लोगों की जान जाने की सूचना है।

उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा के नेतृत्व में सरकार द्वारा किया जा रहा त्वरित एवं समन्वित राहत कार्य सराहनीय है। उन्होंने कहा कि सरकारी सहायता के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर समाज के विभिन्न वर्गों द्वारा किए जा रहे मानवीय प्रयास भी बाढ़ प्रभावित लोगों के पुनर्वास और पुनर्निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

विधायक ने इस मानवीय पहल के लिए शिलकुड़ी चाय बागान के प्रबंधक ओम प्रकाश सिंह तथा उपस्थित सभी चाय बागान पंचायत प्रतिनिधियों और श्रमिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि श्रमिकों द्वारा अपनी मेहनत की कमाई में से सहायता राशि देना सामाजिक जिम्मेदारी और मानवीय संवेदना का प्रेरणादायक उदाहरण है।

Leave a Comment