शिलचर, 12 अगस्त: आगामी 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर एन ई 24 चैनल की ओर से मंगलवार, 11 अगस्त की शाम इटखोला में ‘भोजपुरिया बतकही’ नामक विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम की रिकॉर्डिंग की गई। कार्यक्रम का आयोजन संजीव भट्टाचार्य की अगुवाई में किया गया, जिसमें भोजपुरी भाषा, साहित्य और संस्कृति से जुड़े कवि-कवयित्रियों ने अपनी रचनाओं एवं विचारों के माध्यम से कार्यक्रम को रोचक बनाया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अवकाशप्राप्त सहायक भविष्य निधि आयुक्त (Assistant PF Commissioner) अवनी लाल कुर्मी थे। इस अवसर पर एन ई 24 चैनल के एडवाइजर बाबुल नारायण कानू ने उन्हें उत्तरीय प्रदान कर सम्मानित किया।
‘भोजपुरिया बतकही’ में बाबुल नारायण कानू के साथ कवयित्री एवं साहित्यकार डॉ. रीता सिंह यादव, बिंदु सिंह, उर्मिला रानी कानू, रीता लोहार और अनामिका सिंह ने भाग लिया। सभी ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से भोजपुरी भाषा और संस्कृति की समृद्ध परंपरा को जीवंत किया।
कार्यक्रम में गोबिन लोहार भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम का संचालन बिंदु सिंह ने अत्यंत प्रभावी एवं कुशल ढंग से किया। स्वतंत्रता दिवस की पृष्ठभूमि में आयोजित इस कार्यक्रम में साहित्य, संस्कृति और देशभक्ति का सुंदर समागम देखने को मिला। आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम का उद्देश्य भोजपुरी भाषा-संस्कृति से जुड़े लोगों को एक मंच प्रदान करने के साथ-साथ स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रीय भावना को प्रोत्साहित करना था।